सफलता की कहानी
फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर में वर्षों पुरानी समस्या का हुआ समाधान
राजस्व रिकॉर्ड में गलत नाम हुआ दुरुस्त, शिविर में ही जारी हुए आदेश
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी मंशा के अनुरूप आयोजित फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर-2026 अन्तर्गत अरांई की ग्राम पंचायत कालानाडा में शनिवार को आयोजित फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर में भी एक प्रार्थी की वर्षों से लंबित राजस्व रिकॉर्ड में नाम दुरुस्ती की समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।
ग्राम धोलपुरिया निवासी श्री रामनारायण जाट ने शिविर में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर बताया कि ग्राम धोलपुरिया की खाता संख्या 90, 113, 114, 132, 272 एवं 273 की वर्तमान जमाबंदी में उनका नाम रामनारायण पुत्र रंगलाल दर्ज है, जबकि उनके पहचान दस्तावेजों में सही नाम नारायण मल जाट पुत्र रंगलाल दर्ज है। राजस्व रिकॉर्ड में नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें पिछले कई वर्षों से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने सहित अन्य कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर में प्रार्थी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी अरांई श्रीमती नीतू मीना ने तत्काल तहसीलदार अरांई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने नियमानुसार प्रकरण तैयार किया। तहसीलदार श्रीमती नेहा कंवर ने प्रकरण में सकारात्मक अनुशंसा करते हुए इसे उपखंड अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।
फॉलोअप शिविर में ही उपखंड अधिकारी श्रीमती नीतू मीना ने प्रार्थी के नाम को राजस्व रिकॉर्ड में नियमानुसार दुरुस्त करने के आदेश प्रदान किए। वर्षों से चली आ रही समस्या का मौके पर समाधान होने पर प्रार्थी श्री रामनारायण भावुक हो गए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में गलत नाम दर्ज होने से उन्हें लंबे समय से अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था और विभिन्न राजकीय योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी होती थी। आज शिविर में उनकी समस्या का समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
शिविर में उपखंड अधिकारी श्रीमती नीतू मीना, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं विकास अधिकारी श्री शिवदान सिंह, तहसीलदार श्रीमती नेहा कंवर, सहायक विकास अधिकारी श्री दौलत सिंह, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पटवारी, गिरदावर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सफलता की कहानी
ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर में हुआ विवाह पंजीयन
विवाह प्रमाण पत्र मिलने से पत्नी का दस्तावेजों में नाम जुड़ने का रास्ता हुआ आसान
राज्य सरकार की मंशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर आमजन की रोजमर्रा की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। सरवाड़ की ग्राम पंचायत जडाना में शनिवार को आयोजित फॉलोअप शिविर में ग्राम सनोदिया निवासी श्री प्रहलाद उर्फ रामदेव गुर्जर की विवाह पंजीयन से संबंधित समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।
श्री प्रहलाद उर्फ रामदेव गुर्जर ने शिविर में विवाह पंजीयन के लिए आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनका विवाह पंजीकृत नहीं होने के कारण उनकी पत्नी का नाम जनआधार, राशनकार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों में जुड़वाने में परेशानी आ रही थी। विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी सरवाड़ श्री गजेन्द्र शर्मा ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों की पालना में अतिरिक्त विकास अधिकारी श्री रमेश चन्द्र गुर्जर, प्रशासक श्री सीताराम भील एवं ग्राम विकास अधिकारी श्री सुरेश प्रजापत द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर श्री प्रहलाद उर्फ रामदेव गुर्जर को विवाह प्रमाण पत्र जारी किया गया।
विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद अब प्रार्थी के पास विवाह का वैध कानूनी दस्तावेज उपलब्ध हो गया है। इससे उनकी पत्नी का नाम राशनकार्ड, आधार, जनआधार एवं बैंक खाते सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों में जुड़वाने की प्रक्रिया आसान होगी। साथ ही दंपती को पात्रतानुसार विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सुविधा होगी। विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर श्री प्रहलाद उर्फ रामदेव गुर्जर ने खुशी जाहिर करते हुए राज्य सरकार एवं प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने आमजन से अपील की कि विवाह के बाद विवाह पंजीयन करवाने में देरी नहीं करें। नजदीकी ग्राम पंचायत में जाकर विवाह का पंजीयन करवाएं और विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त करें। विवाह प्रमाण पत्र भविष्य में विभिन्न सरकारी एवं कानूनी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है तथा इसके माध्यम से परिवार के सदस्यों के आवश्यक दस्तावेजों में नाम जुड़वाने एवं पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होती है।
सफलता की कहानी
फॉलोअप शिविर में डगली देवी को मिला आवासीय भूमि का पट्टा
पट्टा मिलने से आवासीय भूमि पर मिला विधिक अधिकार, भूमि संबंधी अनिश्चितता हुई दूर
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए अजमेर ग्रामीण की ग्राम पंचायत खोरी में शनिवार को फॉलोअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम खोरी निवासी श्रीमती डगली पत्नी जेठा राम को आवासीय भूमि का पट्टा प्रदान कर वर्षों से चली आ रही समस्या का मौके पर ही समाधान किया गया।
फॉलोअप शिविर में अधिकारियों ने प्रकरण की आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करवाते हुए मौके पर ही लाभार्थी को पट्टा प्रदान किया। शिविर में आवासीय भूमि का पट्टा प्राप्त होने पर श्रीमती डगली के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। पट्टा मिलने से उन्हें अपनी आवासीय भूमि पर विधिक अधिकार एवं सुरक्षा प्राप्त हुई है। लंबे समय से भूमि को लेकर बनी अनिश्चितता समाप्त होने से लाभार्थी परिवार को बड़ी राहत मिली। पट्टा मिलने के बाद श्रीमती डगली ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिस अधिकार की प्रतीक्षा थी, वह फॉलोअप शिविर के माध्यम से पूरी हुई है।
फॉलोअप शिविर में उपखंड अधिकारी श्री गुरुप्रसाद तंवर, तहसीलदार श्री इंद्रजीत सिंह चौहान एवं पूर्व सरपंच श्रीमती रजनी योगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभार्थी को पट्टा प्रदान कर ग्रामीण सेवा शिविर की मूल भावना के अनुरूप आमजन को उनके अधिकार एवं आवश्यक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराने का संदेश दिया।