“किक द ड्रग-पिक द स्पोर्ट्स” के समापन से पूर्व भव्य आतिशबाजी

–अमित टण्डन
अजमेर।  कुश्ती संघ के तत्वावधान में पिछले कई दिन से चल रहे नशा मुक्ति अभियान “किक द ड्रग-पिक द स्पोर्ट्स” के समापन की पूर्व संध्या पर सोमवार को रीजनल स्कूल के सामने नई चौपाटी पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता की अगुवाई में सैकड़ों युवा नई चौपाटी पर एकत्र हुए। डीजे की धुन पर नशा मुक्ति का संदेश देते गीत की धुन के बीच युवाओं ने हर तरह के नशे से दूर रह कर स्पोर्ट्स को चुनने का संकल्प लिया।
मंच पर स्वागत की औपचारिकताओं के पश्चात राजीव दत्ता ने अपने उद्बोधन में युवाओं का आह्वान किया कि नशे में पड़ कर जीवन बर्बाद करने की जगह खेलों से जुड़ें। कोई भी स्पोर्ट अपनाएं, मगर नशा न करें बल्कि अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। उन्होंने “किक द ड्रग-पिक द स्पोर्ट्स” मुहीम को आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि और अधिक लोगों को इससे जोड़ें। स्वयं भी जो नशे की लत में हैं, वे इसे त्यागें और अन्य युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रोत्साहित करें।
इस मौके पर राज्य के अलग अलग हिस्सों से आये पहलवानों ने कुश्ती का प्रदर्शन किया। गोपाल बंजारा की टीम ने नशा छोड़ने का संदेश देने वाले नाटक का मंचन किया।
इसके पश्चात आनासागर गवाह बना उस भव्य आतिशबाजी का जिसके लिए चौपाटी पर यह आयोजन किया गया था। करीब बीस मिनट तक अनेक प्रकार के स्काई शॉट, अनार व अन्य आतिशी पटाखे चौपाटी के किनारे आकाश पर रोशनियां बिखेरते रहे। इस आयोजन के लिये आये युवाओं व अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने तो इस आतिशबाजी का आनंद लिया ही, मगर चौपाटी घूमने आए स्थानीय परिवारों और बाह्यय पर्यटकों ने भी इसे जश्न की तरह लिया। सभी ने देर तक जम कर रंगबिरंगी आतिशबाजी का लुत्फ उठाया।
कार्यक्रम में राजस्थान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद गिरधर शर्मा, पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भाटी, वर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र यादव व खान मोहम्मद, रेसलर सौरभ बजाड़ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!