अरांई क्षेत्र के भामोलाव गाँव निवासी सीआरपीएफ जवान भैरू लाल खटीक का सोमवार को तिहारी गाँव के पास सड़क हादसे में निधन हो गया। जवान के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि श्रीनगर थाना क्षेत्र के तिहारी गाँव में एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस कर्मचारी शिवराज गुर्जर की सहायता से उन्हें श्रीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली।
मंगलवार को अरांई से भामोलाव तक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। देशभक्ति नारों और शहीद भैरू लाल अमर रहें के जयघोष के साथ उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गाँव भामोलाव लाया गया। गाँव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए आसपास के गाँवों से हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस अवसर पर विधायक विकास चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष मोहित खंडेलवाल किशनगढ़, नायब तहसीलदार चैतन लाल रेगर अरांई, ब्लॉक अध्यक्ष सत्यनारायण बटेसर, थानाधिकारी एवं पुलिस टीम अरांई, निरीक्षक अर्जुन कुमार मय सीआरपीएफ टीम अजमेर समुह केंद्र एक, मुकेश कलवार, कैलाश चंद जाबडोलिया ब्लॉक अध्यक्ष अंबेडकर प्रगतिशील समिति अरांई, चिरंजीलाल दाइमा, सरपंच क़िस्मत बागड़ी भामोलाव, पूर्व उपसरपंच लक्ष्मण राम, दामोदर नायक, उदय लाल गुर्जर, नीरज पारासर, सैनिक कवि गणपत लाल उदय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
शहीद भैरू लाल की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब उनके प्रति क्षेत्रवासियों के सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक बना। भारत माता के इस वीर सपूत को नम आँखों से अंतिम विदाई दी गई।
सैनिक कवि गणपत लाल उदय
अजमेर, राजस्थान