भंवरलाल गोठी स्कूल में इंटर-हाउस अंताक्षरी प्रतियोगिता में गूंजे सुर

ब्यावर। भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा, स्मरण शक्ति, त्वरित सोच, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को विकसित करने के उद्देश्य से इंटर-हाउस अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न हाउस के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी गायन प्रतिभा, संगीत ज्ञान एवं त्वरित निर्णय क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा एवं उप प्रधानाचार्या सुनीता चौधरी ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात अध्यापक समीर ने मधुर स्वर में “आने वाला पल, जाने वाला है” गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को संगीतमय आगाज दिया।
 प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को गीत सोचने के लिए 30 सेकंड का समय दिया गया। निर्धारित समय के बाद घंटी बजते ही अगली चुनौती शुरू हो जाती थी। इस रोमांचक नियम ने प्रतियोगिता में उत्सुकता और प्रतिस्पर्धा का माहौल और अधिक बढ़ा दिया।
रोमांचक एवं कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में वर्द्धमान हाउस (ग्रीन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अरिहंत हाउस (येलो) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
वर्द्धमान हाउस (ग्रीन) की ओर से जूनियर वर्ग में दिशिता शर्मा एवं शिवान्या तथा सीनियर वर्ग में तोयाशी चौहान, विधिशा सोनी एवं शिवानी शर्मा ने प्रतिभाग किया। वहीं अरिहंत हाउस (येलो) की ओर से सीनियर वर्ग में दर्पण बंबानी, यशस्वी जैन एवं सोनाक्षी तिवारी तथा जूनियर वर्ग में हर्षवर्धन लालनेचा एवं कृष्णा साहू ने अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने में शिक्षकों की भी सक्रिय सहभागिता रही। वर्द्धमान हाउस (ग्रीन) के साथ माधुरी शर्मा एवं रुचि वर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया, जबकि अरिहंत हाउस (येलो) के साथ अंजलि भार्गव एवं विवेक भट्ट ने पूरे मुकाबले के दौरान प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में संगीत के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यापक क्रमशः मैरी डेनियल, प्रदीप हेडा,अभिषेक सिंह भाटी एवं समीर एस. कुमार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में संगीत, उत्साह और उमंग से भरपूर वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अपनी पसंदीदा धुनों और गीतों के माध्यम से न केवल अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, बल्कि अपने हाउस के प्रति उत्साह और टीम भावना का भी परिचय दिया।
इंटर-हाउस अंताक्षरी प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ अपनी प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत करने का शानदार अवसर साबित हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यालय परिवार की ओर से विजेता वर्द्धमान हाउस, उपविजेता अरिहंत हाउस तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!