बच्चों की मुस्कान में दिखा कान्हा का उत्सव, नवपंख संस्था ने जरूरतमंद बच्चों संग मनाई जन्माष्टमी

अजमेर, 4 सितंबर 2026। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नवपंख संस्था की ओर से जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों के साथ जन्माष्टमी का विशेष आयोजन किया गया। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं और उन्हें फल-फ्रूट्स वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ जन्माष्टमी के पर्व की महत्ता पर चर्चा की गई। संस्था के सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके संदेशों को याद करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण ने मानव जीवन को प्रेम, करुणा, मित्रता, कर्म और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे बच्चों के साथ त्योहार मनाना और उनके जीवन में खुशी के कुछ पल जोड़ना ही पर्व की सच्ची सार्थकता है।
संस्था के सदस्यों ने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटने और उन्हें अपनापन देने का माध्यम भी हैं। बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें फल एवं अन्य सामग्री देना संस्था की सेवा भावना का एक छोटा-सा प्रयास है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में भी काफी उत्साह और खुशी दिखाई दी।
इस अवसर पर मनींदर कौर, नितिन उप्पल, मयंक चावला,विजय शर्मा एवं जितेंद्र डाबरिया उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
नवपंख संस्था के सदस्यों ने कहा कि संस्था आगे भी समाज के जरूरतमंद वर्ग, विशेषकर बच्चों के बीच सेवा एवं सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। संस्था का उद्देश्य केवल जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि वंचित बच्चों के साथ अपनापन और खुशियां साझा कर उनके चेहरों पर मुस्कान लाना भी है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!