अजमेर। अलवर गेट थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 45 के कांग्रेस कार्यकर्ता साहिल और हेमंत को पुलिस द्वारा आज थाने लाए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि दोनों युवकों को करीब 10–12 दिन पूर्व भाजपा के बैनर-पर्दे फाड़े जाने की घटना के संबंध में थाने लाया गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व पार्षद बिना टॉक अलवर गेट थाने पहुंचीं और थाना अधिकारी से बातचीत कर दोनों कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई का आधार पूछा तथा उन्हें छोड़ने का आग्रह किया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बातचीत के बावजूद दोनों को थाने से नहीं छोड़ा गया।
इसके बाद शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष विवेक पाराशर, फखरे मोईन,सुनील लारा प्रवक्ता शैलेश गुप्ता महासचिव हेमंत जोधा, , हरीश जोनवाल, सोनू तंवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अलवर गेट थाने पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाना अधिकारी से स्पष्ट रूप से कहा कि यदि साहिल और हेमंत के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज की गई है तो उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाए और यदि कोई मामला दर्ज नहीं है तो दोनों को तत्काल रिहा किया जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दोनों को बिना स्पष्ट रूप से एफआईआर अथवा कानूनी कार्रवाई की जानकारी दिए थाने में बैठाकर रखा गया है। उन्होंने इसे लेकर कड़े शब्दों में नाराजगी व्यक्त की और कहा कि पुलिस को कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से थाने में नहीं बैठाया जाना चाहिए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि साहिल और हेमंत को शीघ्र रिहा नहीं किया गया अथवा उनके खिलाफ की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अलवर गेट थाने पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी