महापौर चुनाव में सत्ता, धन और बाहुबल का हुआ दुरुपयोग: डॉ. जयपाल

किरण गढ़वाल की उम्मीदवारी पर आपत्ति से लेकर निगम की फाइलों के मामले तक उठे सवाल, बोले—लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का हुआ प्रयास
अजमेर। अजमेर नगर निगम महापौर चुनाव के परिणाम के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महापौर चुनाव में सत्ता बल, धनबल और बाहुबल का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र का कथित रूप से दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जिसकी कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि अजमेर नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग से फाइलों के गायब होने के मामले से लेकर कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी किरण गढ़वाल की उम्मीदवारी पर आपत्ति दर्ज करवाने और उसे खारिज करवाने के लिए किए गए प्रयासों तक पूरे घटनाक्रम ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी कीमत पर महापौर चुनाव अपने पक्ष में करना चाहती थी और इसके लिए सत्ता तंत्र का सहारा लिया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने का नाम नहीं है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष और पारदर्शी होना भी उतना ही जरूरी है। कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ किसी भी प्रकार के समझौते का विरोध करती है।
37 पार्षद जनता की आवाज बनकर काम करेंगे
डॉ. जयपाल ने अजमेर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि शहरवासियों ने कांग्रेस के 37 पार्षदों को नगर निगम में चुनकर भेजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी पार्षद जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने के लिए ईमानदारी, निष्ठा और पूरी मेहनत के साथ काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद अजमेर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए निगम में जनता की आवाज मजबूती से उठाएंगे। सफाई, पेयजल, सड़क, सीवरेज, जलभराव और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
डॉ. जयपाल ने कहा कि चुनाव का परिणाम कांग्रेस के संघर्ष को समाप्त नहीं करता। कांग्रेस शहर की जनता के हितों, अधिकारों और विकास के मुद्दों को लेकर नगर निगम में मजबूती से अपनी भूमिका निभाएगी।
जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता,
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!