_*सहायक आचार्य भर्ती,2025:- (इतिहास ज्योग्राफी एवं म्यूजिक-वोकल) तथा कनिष्ठ विधि अधिकारी (जेडीए)भर्ती -2025 अंतर्गत साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी*_
_*5 अक्टूबर से शुरू होंगे एसआई भर्ती-2025 के साक्षात्कार- 25 सितंबर तक डीटेल्ड फॉर्म भेजना अनिवार्य*_
अजमेर,23 सितंबर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत ज्योग्राफी, इतिहास एवं म्यूजिक वोकल विषय के साक्षात्कार हेतु सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। इन परिणामों के साथ ही इस भर्ती परीक्षा के सभी 29 विषयों की लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त आयोग द्वारा कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण)भर्ती,2025 अंतर्गत भी साक्षात्कार हेतु सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है। विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग द्वारा सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 अंतर्गत विज्ञापित पदों के विरूद्ध इतिहास विषय में 128 एवं ज्योग्राॅफी विषय में 225 तथा म्यूजिक वोकल के 2 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अस्थायी रूप से सफल घोषित किया गया है।
उक्त विषयों के साक्षात्कार हेतु अस्थाई रुप से सफल घोषित अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाईट से डाउनलोड कर 02 प्रतियों में उसे पूर्ण रुप से भरकर मय समस्त शैक्षणिक/प्रशैक्षणिक, जाति एवं अन्य वांछित प्रमाण-पत्रों की फोटो प्रति के दिनांक 3 अक्टूबर 2026 तक आवश्यक रुप से आयोग कार्यालय में भिजवाना होगा । आयोग द्वारा पात्रता की जांच विज्ञापन की शर्तों/नियमों के अनुसार किए जाने पर पात्र पाए जाने पर ही अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया जाएगा।गौरतलब है कि आयोग द्वारा 7 से 20 दिसंबर 2025 के बीच इस भर्ती के तहत विषयवार परीक्षा का आयोजन किया गया था। कुल 29 विभिन्न विषयों के लिए हुई इस परीक्षा में से शेष 26 विषयों के साक्षात्कार हेतु सफल अभ्यर्थियों की सूची आयोग द्वारा पहले ही जारी की जा चुकी हैं।
कनिष्ठ विधि अधिकारी भर्ती परीक्षा के तहत 36 अभ्यर्थी साक्षात्कार हेतु सफल घोषित किए गए हैं। इन अभ्यर्थियों को नवीनतम विस्तृत आवेदन पत्र आयोग की वेबसाईट से डाउनलोड कर 02 प्रतियों में उसे पूर्ण रुप से भरकर मय समस्त शैक्षणिक/प्रशैक्षणिक, जाति एवं अन्य वांछित प्रमाण-पत्रों की मूल एवं फोटो प्रति के साक्षात्कार के समय उपस्थित होना होगा।
_*क्रमबद्ध चल रहे साक्षात्कार_*
आयोग का पूरा फोकस अब इन भर्तियों को जल्द से जल्द फाइनल स्टेज तक पहुंचाने पर है। इसी रणनीति के तहत सहायक आचार्य भर्ती के साक्षात्कार भी क्रमबद्ध रूप से लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इतिहास, ज्योग्राफी और म्यूजिक वोकल विषय तथा कनिष्ठ विधि अधिकारी भर्ती हेतु अभ्यर्थियों के साक्षात्कार का विस्तृत कार्यक्रम भी आयोग द्वारा यथासमय जारी कर दिया जाएगा।
_*एसआई साक्षात्कार : प्रथम चरण का शेड्यूल जारी*_
आयोग की इसी त्वरित कार्यप्रणाली का एक और बड़ा उदाहरण मंगलवार को भी देखने को मिला था। परीक्षाओं का समयबद्ध परिणाम जारी करने के लक्ष्य पर काम कर रहे आयोग ने बहुप्रतीक्षित उपनिरीक्षक (एसआई)/प्लाटून कमाण्डर भर्ती-2025 (गृह ग्रुप-1) के प्रथम चरण के साक्षात्कारों का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। ये साक्षात्कार 5 अक्टूबर से शुरू होकर 16 अक्टूबर 2026 तक चलेंगे।
उल्लेखनीय है कि आरपीएससी द्वारा 15 सितंबर को साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है, जिसमें कुल 4019 अभ्यर्थियों को अस्थाई रूप से सफल घोषित किया गया है। इनमें अनुसूचित क्षेत्र (टीएसपी) के 62 तथा गैर-अनुसूचित क्षेत्र (नॉन-टीएसपी) के 3957 अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम 19 जून 2026 को जारी किया गया था। इसके पश्चात पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा 3 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया। इसके उपरांत पुलिस रेंज मुख्यालयों से डेटा प्राप्त होते ही साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों की सूची भी जारी कर दी गई है। अस्थाई रूप से सफल अभ्यर्थियों को अपने विस्तृत आवेदन-पत्र (दो प्रतियों में) सभी आवश्यक शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के साथ 25 सितंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से भिजवाने होंगे।