वडनगर-पुष्कर-वाराणसी सेवा यात्रा : उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मोटर साईकिल पर की यात्रा

सेवा यात्री बन लिया सेवा का संकल्प

     अजमेर, 24 सितम्बर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूर्ण होने पर वडनगर गुजरात से आरम्भ हुई सेवा यात्रा के सराधना में पड़ाव के दौरान उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्वयं सेवा यात्री बनकर मोटर साईकिल पर यात्रा की।

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 17 सितम्बर से वडनगर गुजरात से आरम्भ हुई यह सेवा यात्रा वाराणसी तक जाएगी। इस प्रकार की 6 यात्राओं को केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के द्वारा रवाना किया गया था। इसी के समानान्तर वाराणसी से 10 यात्राओं का शुभारम्भ केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने किया था। वे यात्राएं वडनगर में मिलेंगी।

वडनगर से पुष्कर होते हुए वाराणसी जाने वाली इस यात्रा के द्वारा राजस्थान के 39 जिलों में सेवा का सन्देश दिया जाएगा। इसमें 60 सेवा यात्री है। गुरूवार को इस यात्रा का सराधना में पड़ाव था। यहां किसान चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें राज्य की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भाग लिया। वे यात्रा के दौरान मोटर साईकिल पर यात्रा कर सेवा यात्री बनी। उन्होंने देवांगिनी मैयर के साथ यात्रा की। इसके माध्यम से उप मुख्यमंत्री ने सेवा का संकल्प लेने के साथ ही सेवा के लिए तत्पर रहने का सन्देश दिया।

सराधना में आयोजित किसान चौपाल कार्यक्रम में चारपाई पर बैठकर ठेठ ग्रामीण अंदाज में ग्रामीणों के साथ उप मुख्यमंत्री द्वारा वार्तालाप किया गया। ग्रामीण परिवेश में ग्रामीणों के साथ भोजन भी किया। भोजन जाजम पर बैठकर पीतल की पारम्पारिक थाली में हुआ। भोजन के साथ वार्तालाप भी हुआ। गोलघेरे में बैठकर राजधानी व्यंजन चूरमा, बाटी, दाल, गट्टे की सब्जी, मसाला बाटी, छाछ तथा तली हुई मिर्च का आनन्द लिया गया। सेवायात्रियों ने इस राजस्थानी परम्परा तथा आवभगत की सराहना की।

उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। वडनगर गुजरात से आरम्भ हुई उनकी जीवन यात्रा वर्तमान में वाराणसी तक सेवा का सन्देश दे रही है। सार्वजनिक जीवन में सेवा करते हुए 25 वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इनके माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संघर्षों तथा सफलताओं के बारे में आमजन को जानने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जैसा जन सेवक मिलना सौभाग्य की बात है। इससे देश में सकारात्मक वातावरण बना है। भारत की विश्व में विशेष पहचान बनी है। इससे प्रत्येक नागरिक का विदेशों में मान बढ़ा है। भारतीय होने पर गर्व का अनुभव होता है। भारत जल्द की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व का प्रभाव है।

उन्होंने कहा कि कल का भारत युवाओं का है। युवा भारत विश्व गुरू के पद पर पुनः आसीन होगा। भारत को 2047 में विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी चौबीसों घण्टे सातों दिन अथक सतत भाव से लगे हुए है। सीधे लाभ हस्तान्तरण के कारण आमजन को उनके अधिकारों की पूरी डिलीवरी हो रही है। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही किसान सम्मान निधी से किसानों का जीवन स्तर सुधरा है।

जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का जन्मोत्सव सेवा कार्य के रूप में एक माह तक मनाया जाएगा। इन सेवा कार्यों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। वडनगर -पुष्कर-वाराणसी की सेवा यात्रा के माध्यम से राजस्थान में सेवा के लिए संकल्पित होने का सन्देश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विकसित भारत जन सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य आमजन से जुड़े विषयों का त्वरित समाधान करना है। इससे आमजन को सुविधाएं मिलेगी। जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।

किसान चौपाल कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन श्री जीतमल प्रजापत ने किया। इस अवसर पर युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमन्त जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता गैना, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्री शंकर गोरा, गुजरात की देवांगी एवं नंदिनी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!