अजमेर के विकास कार्यों की गति को आगामी वर्षों में और बढ़ाया जाएगा,
प्रत्येक वार्ड में समान रूप से होंगे विकास कार्य- विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी
ट्रिपल इंजन सरकार से अजमेर के विकास को मिलेगी गति,
अजमेर को विकसित शहर बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे- उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी
अजमेर, 23 सितम्बर। अजमेर नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा और उप महापौर श्री हेमन्त सांखला ने गुरूवार को पंचशील स्थित नए भवन में आयोजित कार्यक्रम में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं अजमेर प्रभारी दिया कुमारी, विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भडाणा एवं शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने महापौर एवं उप महापौर को पदभार ग्रहण करवाया।
उप मुख्यमंत्री एवं अजमेर प्रभारी दिया कुमारी ने नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा एवं उप महापौर श्री हेमंत सांखला को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता ने पुनः सेवा का अवसर देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। जनता के विश्वास और अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अजमेर के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अब अजमेर को भी विकसित अजमेर बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ट्रिपल इंजन सरकार के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने का अवसर मिला है। इसका लाभ अजमेर को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिले की प्रभारी मंत्री होने के नाते अजमेर से जुड़े विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से अजमेर को विकास की नई दिशा प्रदान की जा सकती है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने महापौर एवं उप महापौर को पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अजमेर नगर निगम के चुनाव पर पूरे राजस्थान की नजर थी। उन्होंने जनता, कार्यकर्ताओं और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के परिश्रम से नगर निगम में लगातार आठवीं बार बोर्ड के गठन का अवसर मिला है।
श्री देवनानी ने नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर एवं पार्षदों से अजमेर के विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में राज्य सरकार द्वारा अजमेर को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है तथा हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगतिरत हैं। आगामी ढाई वर्षों में इन कार्यों की गति को और बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके लिए महापौर, उप महापौर, पार्षदों तथा प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कहा कि अजमेर की जनता ने विश्वास व्यक्त करते हुए सेवा का अवसर दिया है। इस जिम्मेदारी का निर्वहन आगामी वर्षों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में अजमेर के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को पार्षदों के सहयोग से धरातल पर उतारना है। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्षदों से एक टीम के रूप में कार्य करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं अजमेर की जनता का पुनः आभार व्यक्त किया।
जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता- महापौर अनामिका शर्मा
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी सहित अजमेर की जनता एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से मिलकर आगामी पांच वर्षों में अजमेर के विकास को गति देने तथा शहर का नाम देश के पटल पर स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।
महापौर श्रीमती शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से आवासीय पट्टों से संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया।
महापौर ने कहा कि अजमेर के विकास के लिए पार्षदों, निगम प्रशासन, कर्मचारियों तथा आमजन के सहयोग से कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। शहर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, पार्किंग, जल निकासी, आवासीय पट्टों तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता गैना, प्रवक्ता श्री अरविंद शर्मा, जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अगरवाला, निगम आयुक्त श्री गौरव बुढानिया सहित जन प्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।