*17 व 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं उतरेंगे मुकाबलों में, लोकसभा अध्यक्ष के विशेषाधिकारी राजीव दत्ता करेंगे उद्घाटन*
ब्यावर। प्रदेशभर की युवा ताइक्वांडो प्रतिभाएं अब ब्यावर में अपना दमखम दिखाएंगी। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ को वर्ष 2026 की राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आने वाले बालक-बालिका खिलाड़ी पदकों के लिए मुकाबला करेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सोमवार, 28 सितंबर को सुबह 9 बजे सेंदड़ा रोड स्थित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ परिसर में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय लोकसभा अध्यक्ष के विशेषाधिकारी एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता होंगे। अध्यक्षता ब्यावर विधायक शंकर सिंह जी रावत करेंगे, अतिविशिष्ट अतिथि के तौर पर मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह जी कानावत उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सभापति पुष्पा जी बल्दूआ, उपसभापति दीक्षांत जी हरचंदानी, वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉक्टर नरेंद्र जी पारख,अ.भा.रा.शे. महासंघ प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह जी राठौड़ मौजूद रहेंगे।
*दो आयु वर्गों में होंगे मुकाबले*
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक और बालिकाओं की विभिन्न ताइक्वांडो स्पर्धाएं होंगी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 1500 से ज्यादा चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
*खिलाड़ियों की सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस*
राज्यभर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रभारियों के लिए विद्यालय प्रबंधन ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। प्रतियोगिता स्थल पर खेल संबंधी आवश्यक संसाधनों के साथ आवास, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं। आयोजन के सुचारू संचालन के लिए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
*संसद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से लेकर खेल के मैदान तक…राजीव दत्ता*
मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रही शख्शियत का ब्यावर आगमन गौरवपूर्ण क्षण है। राजस्थान पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी राजीव दत्ता, वर्तमान में माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विशेषाधिकारी—OSD के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मूल रूप से कोटा से ताल्लुक रखने वाले राजीव दत्ता 2003 बैच के राजस्थान पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। अपने प्रशासनिक सफर में वे जयपुर विकास प्राधिकरण, आबकारी इंटेलिजेंस और पर्यटन विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके साथ ही जयपुर नगर निगम में डिप्टी कमिश्नर—विजिलेंस के पद पर भी उनकी सेवाएं रही हैं। साल 2019 में ओम बिरला के पहली बार लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद राजीव दत्ता को उनके विशेषाधिकारी की जिम्मेदारी मिली। वहीं ओम बिरला के दूसरी बार लोकसभा अध्यक्ष बनने के बाद वर्ष 2024 में राजीव दत्ता को एक बार फिर OSD की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जनवरी 2025 में राजीव दत्ता को राजस्थान राज्य कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने राजस्थान में कुश्ती के ढांचे को मजबूत करने, पहलवानों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा महिला पहलवानों को आगे बढ़ाने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया।
जनवरी 2025 में मुंबई में आयोजित TCS मैराथन में उन्होंने 10 किलोमीटर की दौड़ पूरी की और युवाओं को फिट रहने का संदेश दिया।
*ब्यावर के लिए गौरव का अवसर : डॉ. पारख*
श्री वर्धमान शिक्षण समिति, ब्यावर के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना विद्यालय के साथ पूरे ब्यावर के लिए गौरव का विषय है। राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाली खेल प्रतिभाओं का ब्यावर में एक मंच पर जुटना स्थानीय विद्यार्थियों और उभरते खिलाड़ियों के लिए भी सीखने का अवसर होगा।
उन्होंने कहा कि समिति और विद्यालय प्रबंधन का प्रयास है कि प्रतियोगिता में आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रभारियों को बेहतर सुविधाएं तथा खेल के अनुकूल वातावरण मिलेगा।
*अनुशासन और खेल भावना के साथ होगा आयोजन : डॉ. पाठक*
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. निवेदिता पाठक ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि और बड़ी जिम्मेदारी है। आयोजन में शामिल होने वाली सभी टीमों को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता को अनुशासन, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ संपन्न कराने के लिए विद्यालय की पूरी टीम तैयारियों में जुटी है।