35 जिलों के 1141 खिलाड़ियों ने लिया भाग, ‘किक द ड्रग’ अभियान के तहत नशामुक्ति का दिलाया संकल्प
ब्यावर। श्री वर्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ, ब्यावर में 17–19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य उद्घाटन समारोह सोमवार, 28 सितंबर 2026 को आयोजित किया गया। राजस्थान के विभिन्न संभागों के 35 जिलों से 1141 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ निवेदिता पाठक ने बताया कि
समारोह में मुख्य अतिथि श्री राजीव जी दत्ता, विशेषाधिकारी, लोकसभा अध्यक्ष एवं अध्यक्ष, राजस्थान कुश्ती संघ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री शंकर सिंह जी रावत, विधायक महोदय, ब्यावर ने की।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्रीमती पुष्पा बल्दुआ, सभापति, नगर परिषद ब्यावर, श्रीमान दीक्षांत हरचांदनी, उपसभापति, नगर परिषद ब्यावर एवं श्री अमरजीत सिंह राठौड़, प्रदेश मंत्री, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ,समाजसेवी जयकिशन बल्दुआ, साहित्यकार एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके साथ ही संयुक्त निदेशक, अजमेर संभाग, अजमेर, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा, ब्यावर तथा समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, ब्यावर सहित शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह के प्रारंभ में श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ के बैंड ग्रुप द्वारा शानदार बैंड प्रस्तुति के माध्यम से समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
इसके पश्चात प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों एवं दलों द्वारा भव्य मार्चपास्ट किया गया। सभी जिलों के दलों ने अनुशासन एवं खेल भावना के साथ मार्चपास्ट करते हुए मंचासीन अतिथियों को सलामी दी। 1141 खिलाड़ियों की सहभागिता से पूरा खेल परिसर उत्साह एवं ऊर्जा से भर उठा। इससे पूर्व
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री राजीव जी दत्ता एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री राजीव जी दत्ता द्वारा प्रतियोगिता के ध्वज का ध्वजारोहण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा कबूतर एवं गुब्बारे उड़ाकर शांति, सदभाव एवं खेल भावना का संदेश देते हुए प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की गई।
सभी सम्माननीय अतिथियों का राजस्थान की परंपरा के अनुरूप साफा पहनाकर, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी, ब्यावर, श्री शंकरलाल शर्मा द्वारा 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का परिचय प्रस्तुत किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन, प्रतिभागी खिलाड़ियों एवं प्रतियोगिता के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इसके पश्चात जिला खेल अधिकारी श्री गोविंदलाल सैनी द्वारा प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम की रूपरेखा से उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को अवगत कराया गया।
मुख्य अतिथि श्री राजीव जी दत्ता ने अपने प्रभावशाली संबोधन में विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि ताइक्वांडो जैसे खेल युवाओं में शारीरिक क्षमता के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, साहस, एकाग्रता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक खिलाड़ी पूरी ईमानदारी, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा अपने परिवार, विद्यालय, जिले एवं राजस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
श्री दत्ता ने विशेष रूप से ‘किक द ड्रग’ (Kick the Drug) अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और इस शक्ति को नशे जैसी बुराइयों से बचाकर खेल, शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर ले जाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने समारोह में उपस्थित खिलाड़ियों एवं सभी लोगों को नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा भी दिलाई।
कार्यक्रम अध्यक्ष एवं ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह जी रावत ने अपने संबोधन में कहा कि ब्यावर की धरती पर 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन होना पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बड़े खेल आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने तथा उनकी प्रतिभा को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विभिन्न जिलों से आए सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें पूरी खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएँ दीं।
समारोह में श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से राजस्थान की संस्कृति एवं परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। शानदार प्रस्तुति ने समारोह में उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
श्री वर्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख को ब्यावर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। समारोह के सभी अतिथियों ने डॉ नरेंद्र पारख की नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त किया एवं शुभकामनाएं दी।
घोषणा के बाद कार्यक्रम अध्यक्ष एवं ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह जी रावत, अति विशिष्ट अतिथि श्री वीरेन्द्र जी कानावत, विशिष्ट अतिथि श्रीमती पुष्पा बल्दुआ, श्रीमान दीक्षांत हरचांदनी एवं श्री अमरजीत सिंह राठौड़ सहित उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्यजनों द्वारा डॉ. नरेंद्र पारख का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया एवं उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।
यह अवसर ब्यावर जिले के खेल जगत के लिए विशेष महत्व का रहा।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों द्वारा खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतियोगिता के नियमों का पालन करने की शपथ ली गई। खिलाड़ियों ने पूरी निष्ठा एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प लिया।
डॉ. पारख ने अपने प्रेरणास्पद उद्वोधन कहा कि ब्यावर की धरती पर राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन होना शिक्षा विभाग एवं श्री वर्धमान शिक्षण समिति व श्री नृसिंह अग्रसेन जैन विद्यापीठ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कार, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को निरंतर प्रोत्साहित करती रही है।
उन्होंने राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए 1141 खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों का स्वागत करते हुए सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, अधिकारियों, खेल संघों, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने मुख्य अतिथि श्री राजीव जी दत्ता द्वारा ‘किक द ड्रग’ अभियान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन का संदेश देने एवं नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलाने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
सभी औपचारिक कार्यक्रमों के पश्चात 70वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच का शुभारंभ किया गया। विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
पूरे समारोह में खेल प्रतिभा, राजस्थान की संस्कृति, अनुशासन, युवा ऊर्जा और नशामुक्त समाज का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य डॉ निवेदिता पाठक ने सभी अतिथियों,खिलाड़ियों एवं व्यवस्था में लगे सभी कार्मिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी शंकर लाल शर्मा(मा. शि.), मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.शि.) अनिल कुमार शर्मा, कविता मौर्य, नरेंद्र कुमार, राजेंद्र कुमार परिहार, गजेंद्र तुनगारिया, नेमीचंद यादव, महेश शर्मा, रघुवीर सिंह, भगवान सहाय जारोड़िया, सुमन बाला सैनी, विमला चौहान, निधि चौहान, राजेंद्र प्रजापति आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम उद्घोषक की भूमिका सुनीता चौधरी, आशा संत एवं गुरुशरण गोयल ने निभाई।