विधानसभा अध्यक्ष ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर सफाई की, दिया स्वच्छता एवं सेवा का संदेश
अजमेर, 2 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों एवं जीवन मूल्यों को स्मरण किया। इस अवसर पर श्री देवनानी ने स्वयं सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि महात्मा गांधी हमारे पथ प्रदर्शक और प्रेरणास्त्रोत हैं। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन और सेवा के विचार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। महात्मा गांधी और उनकी शिक्षाएं सदैव हमारे हृदय में रहेंगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम और विचारों का सम्मान होना चाहिए तथा उनके नाम पर किसी प्रकार की राजनीति नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है। इस दिन भारत माता के दो महान सपूतों की जयंती है, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया और सत्य एवं अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके अहिंसा के संदेश की प्रासंगिकता आज भी पूरी दुनिया में बनी हुई है। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में शांति, सह-अस्तित्व और अहिंसा का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
श्री देवनानी ने कहा कि महात्मा गांधी ने केवल राजनीतिक स्वतंत्रता की कल्पना नहीं की, बल्कि स्वच्छ और सशक्त भारत का सपना भी देखा था। आज स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास गांधीजी के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ एवं विकसित अजमेर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री देवनानी ने कहा कि शास्त्रीजी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे। उन्होंने अपने संक्षिप्त कार्यकाल में अपनी कार्यशैली और निर्णय क्षमता से देश के प्रति समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। वे आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते थे और उनके समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करते थे। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी का प्रसिद्ध संदेश ‘जय जवान, जय किसान’ देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है। उनके विचार आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
श्री देवनानी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महापुरुषों ने भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी। आज देश जिस विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसमें उनके आदर्शों और मूल्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नई पीढ़ी को इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित, समाजसेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के कार्यों में आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के पश्चात ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आस-पास बाजार क्षेत्रों में श्रमदान किया। श्री देवनानी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी बने। उन्होंने स्वच्छ एवं सुंदर अजमेर के निर्माण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।