*अजमेर मंडल पर ‘विशेष स्वच्छता अभियान 6.0’ के तहत स्वच्छता एवं कार्यस्थल सुधार गतिविधियों का सघन क्रियान्वयन*

उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल पर 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक ‘विशेष अभियान 6.0’ का क्रियान्वयन चरण पूरी प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों तथा आवासीय परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाकर स्वच्छता को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न अंग बनाना है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भूतड़ा के निर्देशन में अजमेर मंडल के प्रमुख स्टेशनों—अजमेर, आबू रोड, उदयपुर सिटी, भीलवाड़ा सहित सभी छोटे-बड़े स्टेशनों और कार्यालय परिसरों में व्यापक सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत कचरा व ई-वेस्ट प्रबंधन के माध्यम से  स्टेशनों, शेडों और प्रशासनिक भवनों से ठोस अपशिष्ट तथा ई-वेस्ट (अप्रचलित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण) का वैज्ञानिक पद्धति से संग्रह, पृथक्करण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
स्क्रैप निस्तारण एवं स्थान प्रबंधन के अंतर्गत कार्यालयों और यार्डों में लंबे समय से अनुपयोगी पड़े पुराने सामान व स्क्रैप की पहचान कर उसकी नीलामी/निस्तारण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, जिससे रिक्त हुए स्थानों का सौंदर्यकरण और व्यावहारिक उपयोग किया जा सके।रेल परिसरों में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उन्मूलन पर विशेष ज़ोर दिया जा रहा है। स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया में पौधारोपण तथा जल स्रोतों की सफाई के माध्यम से पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे नवाचारों और उत्कृष्ट पहलों को ‘बेस्ट प्रैक्टिस’ के रूप में चिन्हित कर अन्य इकाइयों में भी लागू किया जा रहा है। अजमेर मंडल प्रशासन ने सम्मानित रेल यात्रियों से भी अपील की है कि वे स्टेशनों और ट्रेनों को स्वच्छ बनाए रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें तथा ‘स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करें।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!