“स्वच्छता पखवाड़ा” के अंतर्गत उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल पर स्टेशनों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से सघन सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री मिहिर देव ने बताया कि इस अभियान के तहत मंडल के प्रमुख स्टेशनों—अजमेर, उदयपुर, भीलवाड़ा, फालना, आबू रोड सहित अन्य स्टेशनों पर अवांछित पोस्टरों, बैनरों और दीवारों पर लगे गुटखा व पान की पीक के निशानों को हटाने के लिए विशेष कार्य किया गया।
अभियान के दौरान रेलवे परिसरों के प्रमुख स्थानों जैसे फुट ओवर ब्रिज, सब-वे, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालयों और स्टेशन परिसर की चारदीवारी (बाउंड्री वॉल्स) पर चिपकाए गए अनधिकृत विज्ञापनों और पोस्टरों को हटाया गया तथा दीवारों को स्वच्छ किया गया।
इस विशेष स्वच्छता अभियान का समन्वय वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री मनोज मीणा के निर्देशन में संबंधित मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों और स्वास्थ्य निरीक्षकों की टीमों द्वारा किया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से अपील की है कि वे रेलवे संपत्ति को गंदा न करें, दीवारों पर पोस्टर न चिपकाएं और स्टेशन परिसर में गुटखा, पान खाकर न थूकें, जिससे सभी को स्वच्छ एवं सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।
*मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक, अजमेर*