*एमडीएसयू और कनोरिया महिला महाविद्यालय जयपुर के बीच शैक्षणिक सहयोग हेतु हुआ एमओयू*

*UGC-MMTTC के माध्यम से शिक्षक प्रशिक्षण, शोध एवं क्षमता संवर्धन को मिलेगा बढ़ावा*

अजमेर, 12 अक्टूबर 2026। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र (UGC-MMTTC) एवं कनोरिया पीजी महिला महाविद्यालय, जयपुर के मध्य शैक्षणिक सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य उच्च शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन, शिक्षक प्रशिक्षण, शोध, नवाचार तथा ज्ञान एवं संसाधनों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
समझौते के तहत दोनों संस्थान शिक्षकों के क्षमता संवर्धन कार्यक्रम (CBP), अल्पकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम (STP), शैक्षणिक नवाचार, नेतृत्व विकास, प्रबंधन कौशल एवं विद्यार्थी व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों में सहयोग करेंगे। साथ ही, शिक्षा, पर्यावरणीय स्थिरता और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर जागरूकता एवं अकादमिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस सहयोग से शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता, शिक्षण-पद्धतियों में नवाचार तथा शोध क्षमता को सुदृढ़ करने के अवसर उपलब्ध होंगे। समझौता तीन वर्ष की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा। इसमें किसी प्रत्यक्ष वित्तीय लेन-देन का प्रावधान नहीं है; विशिष्ट वित्तीय व्यय वाली गतिविधियों के लिए दोनों संस्थानों के बीच अलग से लिखित सहमति की जाएगी। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल, निदेशक प्रो शिव प्रसाद, कुलसचिव नेहा शर्मा, निदेशक शोध प्रो॰ सुब्रतो दत्ता उपस्थित थे एवं कनोरिया पीजी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल तथा उप-प्राचार्य एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रंजना अग्रवाल भी उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!