नीति आयोग की राष्ट्रीय पहल में MDSU के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

राजस्थान सरकार ने ‘एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज’ पहल के अंतर्गत टेक्नोलॉजी सेक्टर के नोडल अधिकारी के रूप में किया नामित, शिक्षा, तकनीक एवं रोजगार के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल

अजमेर, 15 अक्टूबर 2026। महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल को नीति आयोग की राष्ट्रीय पहल ‘एजुकेशन टू एम्प्लॉयमेंट एंड एंटरप्राइज’ के अंतर्गत टेक्नोलॉजी सेक्टर का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। राजस्थान सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा 14 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए प्रो. अग्रवाल के साथ राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा के कुलगुरु डॉ. निमित्त रंजन चौधरी तथा राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के कुलगुरु डॉ. भगवती प्रसाद सारस्वत को भी नामित किया गया है। केंद्रीय बजट 2026–27 की घोषणा के अनुरूप नीति आयोग द्वारा गठित उच्चस्तरीय स्थायी समिति का उद्देश्य शिक्षा, रोजगार एवं उद्यमिता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा भारत के सेवा क्षेत्र को आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात वृद्धि का प्रमुख आधार बनाना है।

राजस्थान सरकार ने इस पहल के अंतर्गत सेक्टर-2: टेक्नोलॉजी (कंप्यूटर एवं सूचना सेवाएं—नीति आयोग/फ्रंटियर टेक हब) का चयन किया है। इस क्षेत्र में उभरती तकनीकों, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, भविष्य की कौशल आवश्यकताओं तथा रोजगार की संभावनाओं का अध्ययन महत्वपूर्ण होगा। प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल का यह नामांकन उच्च शिक्षा जगत में विश्वविद्यालयों की बढ़ती भूमिका तथा तकनीकी नवाचार और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प के अनुरूप सेवा क्षेत्र की क्षमता को सुदृढ़ करने पर केंद्रित है। यह नामांकन कुलगुरु द्वारा विगत एक वर्ष के दौरान उच्च शिक्षा के क्षेत्र मे किए जा रहे नवाचार एवं नए प्रतिमानों को राष्ट्रीय स्तर की नीतिगत पहल में सक्रिय सहभागिता और उच्च शिक्षा को भविष्य की आवश्यकताओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!