मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पहले अनंता रिजॉर्ट प्रकरण पर जवाब दें – डॉ. राजकुमार जयपाल

अशोक गहलोत पर लगाए गए आरोपों के प्रमाण 24 घंटे में सार्वजनिक करें या माफी मांगें, मुख्यमंत्री जवाबदेही से नहीं बच सकते—डॉ. जयपाल

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल तथा शहर जिला कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जोधपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संबंध में दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

डॉ. जयपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और तथ्यों की गंभीरता का ध्यान रखना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर व्यक्तिगत आरोप लगाकर राजनीतिक माहौल बनाने के बजाय मुख्यमंत्री को अपने आरोपों के समर्थन में तथ्य और दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए।

डॉ. जयपाल ने कहा कि अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री के बयान पर स्पष्ट जवाब देते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपों का विस्तृत विवरण और दस्तावेज सार्वजनिक करने अथवा सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। मुख्यमंत्री को इस मांग का जवाब देना चाहिए और प्रदेश की जनता के सामने सच्चाई रखनी चाहिए।

डॉ. जयपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर बयानबाजी करने से पहले अनंता रिजॉर्ट प्रकरण में उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देना चाहिए। मीडिया में मुख्यमंत्री के तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव रहे आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल से जुड़े विला खरीद और कथित मिलीभगत के आरोपों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने आना आवश्यक है।

उन्होंने सवाल उठाया कि अनंता कंपनी को विशेष पैकेज और छूट दिए जाने के निर्णय में मुख्यमंत्री की क्या भूमिका रही? जिस निवेश बोर्ड की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया, उसके अध्यक्ष स्वयं मुख्यमंत्री थे। ऐसे में मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता के सामने पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

डॉ. जयपाल एवं शैलेश गुप्ता ने यह भी सवाल उठाया कि इस प्रकरण की जांच मुख्यमंत्री के अधीन आने वाली एसीबी के बजाय केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को क्यों नहीं सौंपी जा रही है? जब सवाल मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाले बोर्ड के फैसले से जुड़े हों, तो जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

डॉ. जयपाल एवं शैलेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि अनंता रिजॉर्ट प्रकरण से जुड़े सभी सवालों की निष्पक्ष जांच हो और जो भी तथ्य सामने आएं, उन्हें प्रदेश की जनता के सामने रखा जाए। मुख्यमंत्री राजनीतिक बयानबाजी से जनता का ध्यान मूल सवालों से नहीं भटका सकते।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री को व्यक्तिगत आरोपों की राजनीति छोड़कर अशोक गहलोत द्वारा उठाए गए सवालों और अनंता रिजॉर्ट प्रकरण पर तथ्यों सहित जवाब देना चाहिए।

जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!