संभागीय आयुक्त, डीआरएम और जिला कलक्टर ने की अधिकारियों से चर्चा
गुलाबबाड़ी, सुभाष नगर और डेयरी ओवरब्रिज कार्यों का निरीक्षण
आगामी कुछ महीनों में शुरू होगा गुलाबबाड़ी ब्रिज
अजमेर, 4 नवम्बर। अजमेर शहर के विभिन्न रेलवे ओवरब्रिज के कामों को गति देने के लिए गंभीरता से प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। गुलाबबाड़ी सहित विभिन्न ओवरब्रिज के कामों को जल्द गति दी जाएगी। गुलाबबाड़ी ब्रिज का काम शीघ्र पूरा होगा। इसके साथ ही सड़क सुदृढ़ीकरण व अतिक्रमण हटाने का कार्य भी किया जाएगा।
अजमेर शहर में प्रगतिरत विभिन्न रेल ऊपरीगामी सेतू (आरओबी) तथा रेलवे रज्जु मार्ग (आरयूबी) के कार्यों के संबंध में सम्भागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ एवं मण्डल रेल प्रबन्धक श्री राजू भूतड़ा के द्वारा डीआरएम ऑफिस सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई। संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़, डीआरएम श्री राजू भूतड़ा एवं जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने रेलवे आरएसआरडीसी, जिला प्रशासन, एडीए, नगर निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने गुलाबबाड़ी, सुभाष नगर व डेयरी पर निर्माणाधीन आरओबी के कामों का निरीक्षण भी किया। विभिन्न कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही आमजन की सुविधा के लिए शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। यातायात के सुचारू संचालन के लिए आरयूबी का निर्माण समय पर किया जाना चाहिए।
सम्भागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने कहा कि सुभाष नगर के आरओबी एवं आरयूबी के कार्यों की समय सीमा तय करके कार्य की गति बढ़ाए। आगामी जुलाई माह तक कार्य पूर्ण करने का प्रयास किया जाए। अजमेर डेयरी के आरयूबी के आरम्भ होने से कुछ राहत मिली है। आरओबी से सम्बन्धित कार्य की निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद दिसम्बर 2027 से पहले इस कार्य को पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि जोन्सगंज डबल फाटक के दोनों आरओबी एवं आरयूबी का निर्माण कार्य रेलवे के स्तर पर किया जाएगा। निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूर्ण करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता श्री अशोक तंवर को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। आदर्श नगर के आरओबी एवं आरयूबी का निर्माण अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूर्ण की जाए। निर्माण सीमा में आने वाली भूमि की अवाप्ति की कार्यवाही सक्षम स्तर से तत्काल की जाए।
उन्होंने कहा कि गुलाबबाडी रेलवे फाटक से यातायात की आवाजाही दिसम्बर माह तक सुचारू रूप से चालू करने का प्रयास किया जाए। परबतपुरा के आरयूबी निर्माण के लिए गैस पाईपलाइन एवं पेयजल पाईपलाइन को स्थानांतरित करने का कार्य 15 दिसम्बर तक पूरा हो जाना चाहिए।
बैठक के पश्चात संभागीय आयुक्त श्री राठौड़ , डीआरएम श्री भूतड़ा एवं जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने गुलाबबाड़ी, सुभाष नगर एवं दौराई स्थित ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न पहलु पर मौके पर ही चर्चा की। यहां स्थित अण्डरपास की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को आमजन की सुविधा को ध्यान रखकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री प्रवीण कुमार सहित रेलवे, प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।