पहली बार सत्ता पक्ष विपक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र बचाने का ढोंग कर रहा है, जवाबदेही से भाग रही भाजपा — कांग्रेस
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल तथा प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने भाजपा द्वारा निकाले जा रहे तथाकथित ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि देश के इतिहास में शायद पहली बार ऐसी विचित्र स्थिति देखने को मिल रही है, जब केंद्र की सत्ता में बैठा दल स्वयं लोकतंत्र बचाने के नाम पर विपक्ष के खिलाफ सड़कों पर उतर रहा है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार है और देश के अधिकांश राज्यों में भी भाजपा अथवा उसके सहयोगियों की सरकारें हैं। ऐसे में लोकतंत्र की रक्षा करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आखिर किसकी है? यदि देश में अराजकता है तो उससे निपटना केंद्र और राज्य सरकारों का दायित्व है। सवाल यह है कि सत्ता में बैठी भाजपा अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय सड़कों पर उतरकर आखिर किससे लोकतंत्र बचाने का नाटक कर रही है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग से जुड़े गंभीर सवाल उठा रही है, लेकिन भाजपा के नेता और मुख्यमंत्री उन सवालों का जवाब देने के बजाय चुनाव आयोग के बचाव में मैदान में उतर गए हैं। भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह देश की जनता के सवालों का जवाब क्यों नहीं देना चाहती और हर संवैधानिक सवाल के सामने राजनीतिक प्रदर्शन का सहारा क्यों लेती है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस के लिए खुली चुनौती दे चुके हैं। कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री को जनता के सामने आकर उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए। बहस और सवालों से भागना किसी मजबूत लोकतंत्र की निशानी नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की विशाल रैली के बाद भाजपा पूरी तरह बौखलाई हुई नजर आ रही है। भाजपा के नेता, मंत्री और प्रवक्ता कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय बयानबाजी और राजनीतिक यात्राओं का सहारा ले रहे हैं।
डॉ. जयपाल ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री को विदेशों में देश की प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ-साथ देश के भीतर जनता के सवालों का जवाब देने की भी जिम्मेदारी है। राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों और उठाए गए सवालों पर प्रधानमंत्री को सामने आकर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, कर्ज और आम जनता की परेशानियों पर चर्चा करने का समय नहीं है। जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा लगातार राजनीतिक शोर-शराबे और विपक्ष पर आरोप लगाने की राजनीति कर रही है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा विरोधाभास यह है कि सत्ता पक्ष को प्रदर्शन करने के लिए कोई परेशानी नहीं होती, जबकि विपक्ष को रैली और प्रदर्शन के लिए अनुमति लेने में अनेक बाधाओं का सामना करना पड़ता है। भाजपा की रैलियों और कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन का रवैया अलग दिखाई देता है, जबकि कांग्रेस के कार्यक्रमों पर तरह-तरह की पाबंदियां लगाई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों को नुकसान का मुद्दा भी भाजपा की सुविधानुसार उठाया जाता है। भाजपा के कार्यक्रमों और रैलियों के दौरान बाजार एवं यातायात प्रभावित होने पर कोई सवाल नहीं उठाया जाता, लेकिन कांग्रेस के लोकतांत्रिक कार्यक्रमों के समय अचानक व्यापारियों के नुकसान की चिंता शुरू हो जाती है। कांग्रेस इसे प्रशासनिक निष्पक्षता और समान लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे के रूप में देखती है।
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि अब जनता केवल नारों और यात्राओं से भ्रमित होने वाली नहीं है। लोकतंत्र बचाने का दावा करने वालों को पहले लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, विपक्ष के अधिकार और जनता के सवाल पूछने के अधिकार का सम्मान करना होगा।
गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस आने वाले दिनों में जनता से जुड़े मुद्दों, चुनाव प्रक्रिया से संबंधित सवालों तथा लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर घेरेगी। महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त जनता जवाब मांग रही है, किसान अपनी समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं और युवा रोजगार के अवसर चाहते हैं। भाजपा को इन सवालों से भागने के बजाय जवाब देना होगा।
कांग्रेस का सीधा सवाल है—यदि केंद्र और अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, तो लोकतंत्र को खतरा किससे है? और यदि अराजकता है तो उसे खत्म करने की जिम्मेदारी किसकी है? सत्ता में बैठी सरकार अपनी जिम्मेदारी से भागकर लोकतंत्र बचाने का अभियान चलाएगी या देश की समस्याओं का समाधान करेगी?
भाजपा को राजनीतिक यात्राओं और प्रदर्शन की राजनीति छोड़कर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र नारे लगाने से नहीं, बल्कि संविधान, संस्थाओं, विपक्ष और जनता के अधिकारों का सम्मान करने से मजबूत होता है।
निवेदक
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी