अजमेर, 5 नवम्बर। जिला कलक्टर श्री लोक बंधु की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में उपस्थिति बढ़ाने तथा कक्षा-कक्षों की मरम्मत के बारे में निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि मध्यावधि अवकाश के दौरान खाद्यान्न तथा मिल्क पाउडर को सुरक्षित रखना सुनिश्चित किया जाए। विद्यालयों में मिड डे मिल के लिए खाद्यान्न कम होने की स्थिति में निकटवत्र्ती विद्यालय से पहुंचाया जाएगा। बैठक में उन्होंने कार्मिकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग शाला दर्पण के माध्यम से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों की समीक्षा करते हुए जिले की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए उपस्थिति, परिणाम, गृहकार्य, शौचालय, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े नवीन पैरामीटर्स पर प्रगति दर्ज कराने के निर्देश दिए। खेल मैदानों पर हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए। खेल मैदानों से सम्बिन्धित कार्यों के प्रस्ताव विकास अधिकारी के माध्यम से भिजवाए जाए।
उन्होंने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, गणवेश, वाउचर एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए जनाधार प्रमाणीकरण कराने को कहा। प्रमाणीकरण से वंचित विद्यार्थियों के कारणों की रिपोर्ट तैयार की जाए। जर्जर भवनों की मरम्मत एवं पूर्णतः क्षतिग्रस्त भवनों को जमींदोज करने की प्रगति की समीक्षा की। इन्हें गिराने की सक्षम स्तर से अनुमति प्राप्त करें।
जिला कलक्टर ने डीएमएफटी फंड के समुचित उपयोग, कक्षा-कक्ष निर्माण, शौचालयों की व्यवस्था, बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालयों तथा उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग समसा के अभियंताओं से कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों के बिल लगातार प्रस्तुत किए जाए।
बैठक में आयरन और फोलिक एसिड टैबलेट वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एनीमिया मुक्त अभियान, पीएम पोषण, एमडीएम, अतिक्रमण, बोर्ड परीक्षा, विद्यार्थी स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न योजनाओं की मासिक प्रगति की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर लोक सेवाओं की सहायक निदेशक डॉ. नेहा राजपूत, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल, जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिशी शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रेम चन्द अजमेरा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोविन्द नारायण शर्मा एवं श्री रामनिवास गालव उपस्थित रहे।