विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शहरवासियों एवं प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
अजमेर को सुंदर, सुव्यवस्थित एवं विकसित बनाने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
करोड़ों रुपये की लागत से चल रही विकास परियोजनाएं बदलेंगी शहर की तस्वीर
अजमेर, 7 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज के पावन पर्व पर शहरवासियों एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश का यह महापर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का नया उजास लेकर आए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर विकास की नई इबारत लिखने के लिए तैयार है। पर्यटन और विकास के क्षेत्र में शहर निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहा है। आने वाले समय में विभिन्न महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूर्ण होने से अजमेर की तस्वीर बदलेगी और शहरवासियों को अनेक महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी। शीघ्र ही अजमेर विकास का नया अध्याय लिखते हुए एक विकसित एवं उन्नत शहर के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने अजमेर को सुंदर, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
24 करोड़ रुपये की लागत से गंगा-भैरव घाटी को लेपर्ड सफारी के रूप में विकसित किया जा रहा है। रणथम्भौर, सरिस्का, रावली-टॉडगढ़ एवं जवाई बांध की तर्ज पर यहां सनसेट प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट, ट्रैक एवं विश्राम स्थलों को प्राकृतिक स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इससे अजमेर में वन्यजीव एवं प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
इसी प्रकार 8.50 करोड़ रुपये की लागत से जयपुर रोड पर भव्य प्रवेश द्वार एवं सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। प्रवेश द्वार पर तीर्थराज पुष्कर, भगवान झूलेलाल, सम्राट अजयराज, सम्राट पृथ्वीराज एवं स्वामी दयानंद की प्रतिमाएं अंकित होंगी। यह अजमेर की ऎतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बनेगा।
खेल, विज्ञान एवं आयोजनों के लिए मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
माकड़वाली क्षेत्र में 12 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। लगभग 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम खेल प्रतियोगिताओं के साथ सामाजिक, धार्मिक एवं अन्य बड़े आयोजनों के लिए उपयोगी होगा। वहीं, 28 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर में 1400 से अधिक व्यक्तियों की क्षमता वाला सभागार, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट एवं आधुनिक कॉन्फ्रेंस स्पेस विकसित किए जाएंगे।
पंचशील क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस पार्क बनाया जा रहा है। इसमें ऑडिटोरियम, प्लेनेटेरियम, एग्जीबिशन हॉल एवं सेमिनार कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिलेगा।
सड़क एवं नागरिक सुविधाओं का होगा विस्तार
रिंग रोड की दिशा में 32 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख सड़कों का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है। इनमें नगर निगम कार्यालय से माकड़वाली रोड होते हुए नागौर हाईवे, स्टीफन चौराहे से भैरूवाड़ा-माकड़वाली होते हुए नागौर हाईवे, पृथ्वीराज नगर से रातीडांग-चौरसियावास होते हुए नौसर घाटी तक 200 फीट मास्टर प्लान रोड तथा रेयान स्कूल से हाथीखेड़ा होते हुए वरुण सागर एवं खरेखड़ी रोड तक सड़क निर्माण शामिल है।
विवेकानंद पार्क में 3 करोड़ रुपये की लागत से आध्यात्मिक केंद्र प्रस्तावित है। यहां योग, ध्यान, लाइब्रेरी एवं डॉक्यूमेंट्री संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वरुण सागर एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
स्वास्थ्य एवं धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगी गति
कोटड़ा में 50 बेड के बहुमंजिला सैटेलाइट चिकित्सालय का निर्माण इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं, वरुण सागर से पुष्कर तक प्रस्तावित चौड़ी सड़क से अजमेर-पुष्कर मार्ग की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यातायात सुगम होने के साथ धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।