जिला कलक्टर ने जिलेवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील

     अजमेर 7 नवम्बर। जिला कलक्टर ने दीपावली पर्व को हर्षाेल्लास के साथ – साथ सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए अपील की है।

     जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज के पावन पर्व पर जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश का यह महापर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का नया उजास लेकर आए।

     जिला कलक्टर ने दीपावली के अवसर पर जिलेवासियों से स्थानीय कलाकारों एवं कुम्हारों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीपक खरीदने तथा स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से पारंपरिक कला एवं शिल्प को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही स्थानीय कारीगरों की आजीविका को भी संबल मिलेगा।

     जिला कलक्टर ने पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत ग्रीन पटाखों का उपयोग करने, प्रशासन एवं न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने तथा आतिशबाजी के दौरान बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। बच्चों के द्वारा आतिशबाजी करते समय अभिभावकों को साथ रहना चाहिए। पूरी सावधानी के साथ पटाखे चलाने के बावजूद किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति आने पर चिकित्सालयों के माध्यम से उपचार सुनिश्चित करें।

     उन्होंने जिलेवासियों से दीपावली का पर्व स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान करते हुए सभी के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!