काल ने मनाया काला सोमवार दो दोस्तों की संदिग्ध मौत

ब्यावर । काल ने काला सोमवार मनाया। एक ही दिन में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। काल ने दो भाईयों को काल का ग्रास बनाया। वहीं दो दोस्तों की संदिग्ध मौत हो गई। एक सैनिक ने भी दम तोड़ दिया। इन घटनाओं के बाद शहरवासी स्तब्ध हैं। ब्यावर में दो दोस्तों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। जबकि तीसरा दोस्त अस्पताल में भर्ती है। परिजनों द्वारा जहर देकर मारने का अंदेशा जताया गया। इसके बाद शहर थाना पुलिस ने गहनता से अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस उपाधीक्षक गोपीसिंह शेखावत के अनुसार शहर के कोठी चौक निवासी मनोज उर्फ बंटी मेवाड़ा, नंदनगर निवासी सुरेश सिंधी व मसूदा रोड निवासी अभिमन्यु दोस्त हैं। रविवार देर रात तीनों दोस्त हाइवे पर स्थित आशियाना होटल में खाना खाने गए थे। यहां उन्होंने शराब का सेवन भी किया। इस दौरान एक युवक की मौत हो गई। दो अन्य की तबीयत भी बिगड़ गई। जिन्हें उपचार के लिए राजकीय अमृतकौर अस्पताल लाया गया। यहां एक अन्य युवक ने भी दम तोड़ दिया। अभिमन्यु का अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि इन तीन दोस्तों के साथ होटल में तीन अन्य युवक भी मौजूद थे। जो फिलहाल फरार है। मृतकों के परिजनों ने युवकों को जहर देकर मारने का अंदेशा जताया। पुलिस उपाधीक्षक गोपीसिंह शेखावत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों मृतकों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। सीओ ने होटल पहुंचकर घटनास्थल का गहनता से मौका मुआयना किया। होटल मालिक व स्टाफ से भी पूछताछ की। परिजनों का कहना है कि यदि भोजन या शराब विषाक्त होती तो अन्य लोगों की भी मौत होती। तीसरे दोस्तों ने एक साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बावजूद वो बच गया। दोस्तों के अलावा जो तीन अन्य युवक होटल में साथ थे, उनकी भी तलाश की जा रही है। मामला पेचीदा होने से पुलिस इन सभी बिंदुओं की गहनता से जांच में जुटी है। फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

काल का ग्रास बने दो भाई

ब्यावर। सोमवार दोपहर हरिद्वार से ब्यावर आ रही एक टवेरा गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य घायल हो गए। सभी को ब्यावर लाया गया। जानकारी के अनुसार ब्यावर की भार्गव कॉलोनी निवासी एक परिवार के 6 लोग सोमवार सुबह टवेरा गाड़ी में सवार होकर ब्यावर लौट रहे थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 8 स्थित दूदू के निकट वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे युवराज व भूपेंद्र नामक दो भाईयों की मौत हो गई। हादसे में नेनीदेवी, भंवरीदेवी, राजेश्वरी, चंद्रदीप सिंह घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों भाई हरिद्वार में अपने पिता नारायण सिंह खींची की अस्थियां विसर्जित कर ब्यावर लौट रहे थे। पिता की मौत के पांच दिन बाद ही दो बेटों की मौत से खींची परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार का गम बढऩे से पूरा क्षेत्र गमगीन है। शाम को जब दो भाईयों की अर्थियां एक साथ निकली तो शवयात्रा में शामिल हर शख्स की आंखें नम थी।

ह्रदयगति रूकने से निधन

ब्यावर। निकटवर्ती ग्राम बिच्छु चौड़ा निवासी देवेंद्र सिंह राठौड़ का ह्रदयगति रूकने से निधन हो गया। वे जम्मू कश्मीर में सीआरपीएफ बटालियन में सैनिक थे। कार्य के दौरान ही उन्हें अटैक आया। सैन्य अधिकारियों ने परिजनों को फोन पर जवान के मौत की खबर दी। इस दु:खद समाचार के बाद सैनिक के गांव में शोक छा गया। दिवंगत राठौड़ के एक पुत्र व एक पुत्री है। वर्तमान में उनकी पत्नी गर्भवती है

– सुमित सारस्वत, पत्रकार

error: Content is protected !!