नई दिल्ली। रसोई गैस सहित तमाम सब्सिडी सीधे खातों में पहुंचाने के वित्त मंत्रालय के निर्देशों के मुताबिक बैंकों ने इस दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। बैंकों ने खातों को आधार नंबर से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की है।
बैंकों ने ग्राहकों को एसएमएस सहित संपर्क के विभिन्न माध्यमों के जरिये अपने आधार नंबर उपलब्ध कराने की सूचना देना शुरू कर दिया है। इन ग्राहकों के खातों में सब्सिडी हस्तांतरण के लिए आधार नंबर की जरूरत होगी।
इस माह की शुरुआत में वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने बैंकों को पूरे देश में रसोई गैस सब्सिडी लोगों के खाते में सीधे पहुंचाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए थे।
पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी योजना डायरेक्ट बेनिफिट स्कीम (डीबीटी) के तहत रसोई गैस ग्राहकों को इस पर मिलने वाली सब्सिडी सीधे उनके खातों में पहुंचाने की तैयारी की है।
15 मई तक यह योजना 20 जिलों में लागू हो जाएगी। इसके तहत ग्राहकों को उनके खाते में हर साल करीब 4,000 रुपये सरकार से सीधे हासिल होंगे।