तेजाजी के मंदिर में मंत्री ने लिया नाग देवता का आशीर्वाद

sanwar lal jat 5अजमेर,(एस.पी. मित्तल): केन्द्रीय जल संसाधन राज्य मंत्री सांवरलाल जाट के लिए गुरुवार का दिन बहुत ही शुभ रहा है। जाट केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद गुरुवार को पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र अजमेर में आए। जाट ने अपने दौरे की शुरूआत किशनगढ़ उपखण्ड के सुरसुरा गांव स्थित वीर तेजाजी महाराज के मंदिर से की। इस मंदिर में लोक देवता तेजाजी की प्रतिमा स्थापित है। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार जाट सरकारी लवाजमें के साथ मंदिर में पहुंचे तो श्रद्धालुओं ने लोक देवता तेजाजी महाराज के जयघोष के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसी बीच मंदिर के पुजारी रामदेव भोपा ने तेजाजी महाराज के प्रतीक माने जाने वाले नाग देवता को अपने हाथ से पकड़ा और उपस्थित केन्द्रीय मंत्री सांवरलाल जाट और किशनगढ़ के भाजपा विधायक भागीरथ चौधरी से कहा कि वे हाथ जोड़कर नाग देवता से आशीर्वाद प्राप्त करें। पुजारी ने कहा कि नाग देवता के दर्शन करना किसी चमत्कार से कम नहीं है। तेजाजी की प्रतिमा पर नाग देवता कभी कभार ही दर्शन देते है। आज का दिन बहुत ही शुभ है जब सांवरलाल जाट के आने पर नाग देवता भी मंदिर में आए है। पुजारी के कहे अनुसार जाट और चौधरी ने सिर झुकाते हुए नागदेवता से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर प्रो. जाट ने कहा कि उन पर हमेशा से ही तेजाजी महाराज की कृपा रही है। राजनीति में जो मुकाम हांसिल किया है उसमें तेजाजी महाराज का आर्शीर्वाद ही रहा है। मेरे लिए नाग देवता के दर्शन करना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
जाट भाग्यशाली है-चौधरी
सांवरलाल जाट के साथ वीर तेजाजी के मंदिर में नाग देवता से आर्शीवाद लेने के बाद किशनगढ़ के भाजपा विधायक भागीरथ चौधरी ने पत्रकारों से कहा कि सांवरलाल जाट बहुत ही भाग्यशाली है। जिन्हें आज नागदेवता के साक्षात दर्शन हुए है। चौधरी ने बताया कि इस मंदिर में तेजाजी की चमत्कारी प्रतिमा है और लोग दूरदराज से दर्शन करने आते है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा पर नाग देवता का आना धार्मिक दृष्टि से बहुत महत्व रखता है। नाग देवता जिन पर खुश होते है उन्हें ही दर्शन देते है। जाट बहुत भाग्यशाली है जिनके मंदिर में आने पर नाग देवता भी प्रकट हो गए। कलयुग में भले ही लोग इस घटना पर भरोसा नहीं करे, लेकिन आज की घटना किसी चमत्कार से कम नहीं है।

error: Content is protected !!