भाजपा अध्यक्ष ने दी मंत्रियों को सीख

अरविंद यादव
अरविंद यादव

अजमेर शहर जिला भाजपा के अध्यक्ष अरविंद यादव ने शिक्षामंत्री वासुदेव देवनानी और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिता भदेल को  आपस में विवाद नहीं करने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि दोनों मंत्रियों के आपसी मनमुटाव से कार्यकर्ताओं पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
शनिवार को केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री और अजमेर के सांसद सांवरलाल जाट के अभिनन्दन समारोह में यादव ने कहा कि पिछले दिनों यह देखने में आया कि देवनानी और श्रीमती भदेल विकास कार्यो में भी एकजुट नजर नहीं आ रहे है। श्रीमती भदेल ने अपने निर्वाचन क्षेत्र दक्षिण में जिन कार्यो का शिलान्यास और उद्घाटन किया उसमें उत्तर क्षेत्र के विधायक और शिक्षा मंत्री देवनानी को दूर रखा गया। इसी प्रकार देवनानी ने अपने क्षेत्र के विकास के कार्यक्रमों में श्रीमती भदेल को नहीं बुलाया। उन्होंने कहा कि अच्छा हो कि सरकारी स्तर पर होने वाले शिलान्यास उद्घाटन आदि के कार्यक्रमों में दोनों मंत्री एक साथ उपस्थित रहे। हमेें उत्तर और दक्षिण का भेद नहीं करना चाहिए। अगले वर्ष नगर निगम के चुनाव होने है और इसमें दोनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता भाग लेंगे। मतदाताओं को इस बात का आभास होना चाहिए कि दोनों मंत्री मिलकर शहर का विकास कर रहे है। यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोनों मंत्रियों का कथित विवाद सार्वजनिक होने से भाजपा के आम कार्यकर्ता पर प्रतिकूल असर पड़ता है। भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव के दौरान फूल का निशान देखकर ही संगठन के लिए काम करता है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का भी यह दायित्व है कि कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने का काम करें। यादव ने उम्मीद जताई कि देवनानी और श्रीमती भदेल भविष्य में ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे आपसी मतभेद सार्वजनिक होते हों। यादव ने कहा कि दोनों मंत्री पहले भाजपा के कार्यकर्ता है। यदि किसी कार्यकर्ता को कोई शिकायत है तो वे संगठन के उचित मंच पर अपनी शिकायत दर्ज करवा दे। मंत्रियों को स्वयं को संगठन से ऊपर नहीं समझना चाहिए।
पूर्व में भी जताई थी नाराजगी
शहर जिला अध्यक्ष अरविंद यादव ने पूर्व में भी देवनानी और श्रीमती भदेल के मनमुटाव से नाराजगी जताई थी। विगत दिनों मंत्री बनने के बाद जब देवनानी  और भदेल पहली बार अजमेर आए तो यादव का प्रस्ताव था कि दोनों मंत्रियों का संयुक्त रूप से जुलूस निकाला जाए, लेकिन दोनों ने ही अलग-अलग जुलूस निकालकर अपने मतभेदों को सार्वजनिक किया। यादव ने शनिवार को दोनों मंत्रियों को सार्वजनिक मंच से जो सीख दी उससे भाजपा का आम कार्यकर्ता बेहद खुश है।
-एस पी मित्तल

error: Content is protected !!