स्वामी शिवज्योतिषानंद को मिलेगा स्वामी विवेकानंद सम्मान

shiv jyotishanandअजमेर,(कौशल जैन): सन्यास आश्रम के महंत स्वामी शिवज्योतिषानंद को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वामी विवेकानंद सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इंडोनेशिया के बाली शहर में होने वाले इस सम्मान समारोह में विश्व के लगभग 60 देशों से विद्वान शिरकत करेंगे। इस बारे में जानकारी देते हुए स्वामीजी ने बताया कि 2 से 10 फरवरी तक इंडोनेशिया में 13वां अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इस सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रभावशाली सेवाएं देने वाले समाजसेवियों, संतों को सम्मानित किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक राजस्थान से इन पुरस्कारों के लिए छह विद्वानों का चयन किया गया है। संस्था सृजनगाथा की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा, समाजसेवा, धर्म और हिन्दी के उत्थान में अपनी अहम भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। स्वामीजी ने बताया कि यूएनओ में हिन्दी भाषा को मान्यता प्रदान करवाने के लिए संगठन गंभीरता से प्रयास कर रहा है। इंडोनेशिया में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के अजमेर, जयपुर और जोधपुर के विद्वानों को शामिल किया गया है। इस समारोह में इंडोनेशिया में नियुक्त भारतीय उच्चायुक्त के आयुक्त सहित हिन्दी सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ खगेन्द्र ठाकुर सहित कई विद्वान हस्तियां शिरकत करेंगी। इंडोनेशिया आयोजित इस सम्मेलन में हिन्दी भाषा के उत्थान को लेकर विभिन्न विद्वान वक्ता अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। स्वामीजी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले इस सम्मेलन को लेकर तैयारियां पूरी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हिन्दी के क्षेत्र में यह सम्मान महत्वपूर्ण माना जाता है। वहीं दूसरी ओर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए स्वामीजी का नाम चयन किए जाने पर उनके श्रद्धालुओं और समर्थकों ने खासी खुशी जताई है। जानकारी के मुताबिक सम्मान प्राप्त करने के बाद स्वदेश लौटने पर स्वामीजी का भव्य स्वागत किया जाएगा।

error: Content is protected !!