लखावत कहां गायब हो गए?

पिछले काफी समय से किसी भी राजनीतिक गतिविधि से वरिष्ठ भाजपा नेता औंकार सिंह लखावत का नाम गायब है। आम आदमी को तो पता भी नहीं कि वे कर क्या रहे हैं। बस इतना पता है कि आजकल जयपुर निवास करते हैं। आपको बता दें किसी जमाने में लखावत की अजमेर में तूती बोलती थी। वे अजमेर में भाजपा के भीष्म पितामह कहलाते थे। उनकी इजाजत के बिना पत्ता भी नहीं हिलता था। जब से प्रो. वासुदेव देवनानी अजमेर आए हैं, तब से उनका प्रभाव काफी कम हो गया है। हालांकि प्रदेश स्तर पर उनका रुतबा तब भी बरकरार रहा। इतना ही नहीं उन्होंने राजस्थान भर की पुरा धरोहरों को पुनर्जीवित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। पिछली भाजपा सरकार के दौरान उन्होंने पेनोरमा पर अनूठा काम किया। सरकार बदल जाने के बाद भी उनका विभाग यथावत होने के कारण जिन पेनोरमा के टेंडर हो चुके थे, उनका काम जारी है। लेकिन लखावत क्या कर रहे हैं, ये सवाल बना ही हुआ है। बताया जा रहा है कि राजस्थान के ऐतिहासिक स्थलों पर काम करते हुए उन्होंने गहन अध्ययन किया। उनके पास ढ़ेर सारी जानकारी इक_ा हो गई। बताया जाता है कि वे अब न केवल और अध्ययन कर रहे हैं, अपितु कुछ विषयों को लिपिबद्ध करने में जुटे हुए हैं। उनका यह कार्य स्वांत:सुखाय तो है ही, साथ ही उम्मीद है कि वे समाज को बेहतरीन ऐतिहासिक जानकारियों से भरी पुस्तकें साझा करने में सफल होंगे।
-तेजवानी गिरधर
7742067000

error: Content is protected !!