आठों पंचायत समितियों में सम्पर्क समाधान बैठक 4 दिसम्बर को
अजमेर। जिले में पंचायत समिति स्तरीय सम्पर्क समाधान बैठकें आगामी 4 दिसम्बर को आयोजित होंगी। सम्पर्क समाधान बैठकों हेतु विस्तृत निर्देश जारी करते हुए प्रभारी अधिकारी एवं पर्यवेक्षण अधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक के अनुसार जिले की आठों पंचायत समिति में सम्पर्क समाधान बैठकें आगामी 4 दिसम्बर को आयोजित होंगी। बैठक में विभिन्न विभागों के उपखण्ड, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, संबंधित क्षेत्र के पटवारी एवं ग्राम सेवक उपस्थित रहेंगे। साथ ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग से संबंधित अधिकारी भी यथासंभव बैठकों में जाकर विभागीय समस्याएं सुनेंगे।
डॉ. मलिक के अनुसार सम्पर्क समाधान बैठकों में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रात:10 से 12 बजे तक प्रकरणों को ऑनलाईन दर्ज करना होगा और यदि वे पहले से दर्ज है तो उन्हें सुनवाई हेतु सूचीबद्घ करना होगा। अपरान्ह् 3 बजे तक संबंधित अधिकारी द्वारा परिवाद या समस्या के विषय में सम्पर्क पोर्टल पर अपनी टिप्पणी अंकित करनी होगी एवं अपरान्ह् 3.30 से 6 बजे तक दर्ज प्रकरणों के समाधान से असंतुष्ट व्यक्ति या ऐसे व्यक्ति जो समय पर अपनी समस्या का निदान नही पा सके हो, की समस्त विभागीय अधिकारियों के समक्ष सुनवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सम्पर्क समाधान बैठकों की जनसुनवाई में केवल उन्हीं प्रकरण को लिया जाएगा जो पूर्व में दर्ज है और उनका समाधान नही हो पाया है अथवा परिवादी समाधान से संतुष्ट नही हुआ है। साथ ही तात्कालिक या आवश्यक प्रकृति के प्रकरणों की भी उस दिन सुनवाई की जा सकेगी। यदि कोई परिवाद पहले से दर्ज नही है और उसी दिन प्रस्तुत हुआ हो तो उस परिवाद को दर्ज अवश्य कर लिया जाए और उसे आगामी तिथि दे दी जाए। उल्लेखनीय है कि किसी प्रकरण को अंतिम रूप से तब तक निस्तारित नही माना जाएगा जब तक समस्या का समाधान या परिवाद का निस्तारण हो जाए, समस्या या परिवाद के नियमों और प्रावधानों के अन्तर्गत अनुतोष योग्य न मानते हुए उन्हे स्पष्टत: अस्वीकृत कर दिया जाए एवं नियमों और प्रावधानों के अन्तर्गत स्थिति स्पष्ट न होने के कारण उच्च अधिकारी या संबंधित अधिकारी से मार्गदर्शन ले लिया जाए। सम्पर्क समाधान बैठक के तुरन्त बाद संबंधित उपखण्ड अधिकारी ई-मेल कर निर्धारित प्रारूप में जिला स्तर पर सूचना देंगे।
बैठक हेतु पर्यवेक्षक व प्रभारी अधिकारी
कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक के अनुसार सम्पर्क समाधान बैठक निर्धारित कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति अरांई में पर्यवेक्षक अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री बंशीलाल मीणा एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी किशनगढ होंगे। इसी प्रकार पंचायत समिति भिनाय में पर्यवेक्षक अधिकारी अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री किशोर कुमार एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी भिनाय, पंचायत समिति जवाजा में पर्यवेक्षक अधिकारी उपमहानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग श्री महावीर खराडी एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी ब्यावर, पंचायत समिति मसूदा में पर्यवेक्षक अधिकारी जिला रसद अधिकारी श्री सुरेश सिन्धी एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी मसूदा, पंचायत समिति पीसांगन में पर्यवेक्षक अधिकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री लालाराम गूगरवाल एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी पीसांगन, पंचायत समिति केकडी में पर्यवेक्षक अधिकारी अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री जगदीश चन्द्र हेडा एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी केकडी, पंचायत समिति श्रीनगर में पर्यवेक्षक अधिकारी परियोजना प्रबंधक एससीडीसी श्री अन्जुम ताहिर एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी नसीराबाद, पंचायत समिति सिलोरा में पर्यवेक्षक अधिकारी उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग प्रियंका जोधावत एवं प्रभारी अधिकारी उपखण्ड अधिकारी किशनगढ होंगे।