महिला कल्याण पर संगोष्ठी आयोजित

अजमेर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रपिता की जयंती के उपलक्ष में आयोजित समाज कल्याण सप्ताह के तहत महिला कल्याण दिवस मनाया गया।
नारी निकेतन की अधीक्षक श्रीमती किरण पंवार की अध्यक्षता में लोहागल रोड स्थित परिसर में आयोजित महिला कल्याण संगोष्ठी में महिला सशक्तीकरण, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, राज्य सरकार की योजनाओं और उनसे लाभ लेने के बारे में जानकारी दी गई।
एकीकृत बाल विकास कार्यक्रम की परियोजना अधिकारी श्रीमती कुमुदनी शर्मा ने किशोरी बालिका कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. टीना अरोड़ा ने विभाग द्वारा संचालित सहयोग, पालनहार, विधवा पुनर्विवाह आदि योजनाओं के बारे में बताया और समस्याओं का निराकरण किया।
स्वयंसिद्घा योजना में 40 महिलाओं को सिलाई व ब्यूटीपार्लर का प्रशिक्षण दिया गया और चयन करने की कार्यवाही हुई। बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, एकाभिनय, सामूहिक गायन आदि प्रस्तुत किये।
जनचेतना दिवस कल
समाज कल्याण सप्ताह के तहत कल 6 अक्टूबर को जनचेतना दिवस पर राजकीय संप्रेषण गृह सुभाष नगर नारीशाला में सामाजिक कुरीतियों पर विचार गोष्ठी होगी। इसमें दहेज प्रथा, बाल विवाह, परदा प्रथा, डायन प्रथा के उन्मूलन के लिए किये जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

error: Content is protected !!