अजमेर, 21 नवम्बर। पुष्कर विधायक एवं संसदीय सचिव श्री सुरेश सिंह रावत आगामी 25 नवम्बर तक विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में गांव -गांव जाकर जनसुनवाई करेंगे।
जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने बताया कि संसदीय सचिव 22 नवम्बर को बडी होकरा, छोटी होकरा, कानस, माधोपुरा, डांग, मेडलिया, बांसेली, तिलोरा एवं कोठी गांव में जन सुनवाई करेंगे।
जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 22 को
अजमेर, 21 नवम्बर। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक 22 नवम्बर बुधवार को जिला प्रमुख सुश्री वंदना नोगिया की अध्यक्षता में प्रातः 11 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित की जाएगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गुरू गोलवलकर जन भागीदारी विकास योजना
सराना में कब्रिस्तान की चारदीवारी के लिए 15 लाख स्वीकृत
अजमेर, 21 नवम्बर। गुरू गोलवलकर जन भागीदारी विकास योजना अन्तर्गत सरवाड़ पंचायत समिति क्षेत्र के सराना में कब्रिस्तान की चारदीवारी निर्माण के लिए 15 लाख रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने यह जानकारी दी।
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम
पीसांगन पंचायत समिति में 6 कार्यों के लिए 71 लाख 67 हजार स्वीकृत
अजमेर, 21 नवम्बर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम के तहत जिले की पीसांगन पंचायत समित में 6 कार्यों के लिए 71 लाख 67 हजार रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में पांचागाल से गांवाई तालाब तक आंव खुदाई कार्य पाबूनाथ पर 12 लाख 21 हजार रूपए, चांदू की नाड़ी खुदाई व पीकचग कार्य रायमला पर 14 लाख 77 हजार रूपए, उण्डी गाल से दर्रा तलाब की आंव खुदाई कार्य रायमला पर 6 लाख 10 हजार रूपए, नानकिया तालाब की चादर से मनकी मजरा तक ग्रेवल सड़क भटसूरी पर 14 लाख 96 हजार रूपए, श्याम का जी से विनायक जी महाराज तक खरंजा व नाली निर्माण कार्य भटसूरी पर 8 लाख 65 हजार रूपए तथा छतरी में नई नाड़ी खुदाई पीचिंग निर्माण हनुवंतपुरा पर 14 लाख 98 हजार रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त
अजमेर, 21 नवम्बर। पंजाब के राज्यपाल श्री वी.पी.सिंह बदनौर के आगामी 24 व 25 नवम्बर की यात्रा के मध्यनजर कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अजमेर के उपखण्ड मजिस्ट्रेट श्री अंकित कुमार सिंह को कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
केकड़ी में औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर बुधवार को
अजमेर, 21 नवम्बर। जिला उद्योग केन्द्र द्वारा केकड़ी के पंचायत समिति सभागर में औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन बुधवार 22 नवम्बर को प्रातः 11 बजे किया जाएगा।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री सी.बी.नवल ने बताया कि इस एक दिवसीय औद्योगिक प्रात्साहन शिविर में उद्योग विभाग, राजस्थान वित निगम, खादीग्रामोद्योग बोर्ड, बैंक के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। शिविर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से संबंधित, उद्योग आधार मेमोरेण्डम, हस्तशिल्पियों के पंजीयन, बुनकरों के पंजीयन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, भामाशाह रोजगार सृजन योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी। शिविर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों के लिए राज्य सरकार द्वारा जारी सहायता एवं सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। सभी उद्यमी, बेरोजगार युवक, दस्तकार व बुनकर शिविर का लाभ उठा सकेंगे।
राजस्व खेलकूद प्रतियोगिता
अजमेर कलक्ट्रेट टीम ने बास्केटबॉल व संभागीय आयुक्त टीम ने कैरम का खिताब जीता
अजमेर, 21 नवम्बर। पाली में आयोजित हुई राज्य स्तरीय राजस्व खेलकूद प्रतियोगिता में संभागीय आयुक्त की टीम ने कैरम प्रतियोगिता में तथा अजमेर कलक्ट्रेट की टीम ने बास्केटबॉल का खिताब जीता है। विजेता टीमों को प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री अमराराम द्वारा ट्राफी प्रदान की ।
प्रदेश भर के समस्त राजस्व मण्डल, संभागीय आयुक्त एवं कलक्ट्रेट की टीमों ने 17 से 19 नवम्बर तक विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कैरम प्रतियोगिता में संभागीय आयुक्त की टीम में श्री अनूप कुमार बहुगुणा एवं श्री अजीज मोहम्मद ने खिताब जीता जबकि बास्केटबॉल की ट्रॉफी श्री राजेश कुमार शर्मा ने प्राप्त की।
संभागीय आयुक्त श्री हनुमान सहाय मीना एवं जिला कलक्टर श्री गौरव गोयल ने विजेता टीमों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
पीसीपीएनडीटी की बैठक आयोजित
अजमेर, 21 नवम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के संयुक्त निदेशक डॉ. गजेन्द्र सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी की बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
पीसीपीएनडीटी के समन्वयक श्री ओमप्रकाश टेपण ने बताया कि बैठक में गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई। इसमें पंजीयन के एक, स्वैच्छा से सोनोग्राफी मशीन सील करवाने के 5, स्वैच्छा से लाइसेंस समर्पित करने एवं नवीनीकरण के एक-एक प्रकरणों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल जैन, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीता यादव, उप निदेशक डॉ. व्रदना चौधरी उपस्थित थे।