प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान कोटा-बूंदी के सांसद ओम बिड़ला को लोकसभा स्पीकर उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर एक बार फिर सबको चौंका दिया है। राजस्थान के कोटा से बीजेपी सांसद ओम बिड़ला लोकसभा के नए स्पीकर होंगे। लोकसभा अध्यक्ष का नाम घोषित किए जाने के साथ ही पीएम मोदी ने एक बार फिर अपने फैसले से सबको चौंका दिया है। लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए आज नामांकन दाखिल होना है, कल सदन में इसके लिए मतदान होगा। लिहाजा लोकसभा स्पीकर के पद को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। बीजेपी से जीतकर आए वरिष्ठ नेताओं के नाम पर मंथन चल रहा था। लोकसभा अध्यक्ष बनने की रेस में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, राधामोहन सिंह, रमापति राम त्रिपाठी, एसएस अहलुवालिया और डॉ. वीरेंद्र कुमार जैसे कई दिग्गज नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे थे। मोदी सरकार की दूसरी पारी में लोकसभा अध्यक्ष के पद पर कौन विराजमान होगा, इसका फैसला अब हो गया। बहरहाल, राजस्थान के कोटा से बीजेपी सांसद ओम बिड़ला लोकसभा के नए स्पीकर होंगे। ओम बिड़ला आज ही अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जिसके बाद बुधवार को सदन में इस पर मतदान होगा। क्योंकि एनडीए के पास लोकसभा में बहुमत है, ऐसे में उनका ही लोकसभा स्पीकर बनना तय माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ओम बिड़ला राजस्थान के ऐसे भाजपा नेता हैं जिनकी कार्यशैली से हर कोई वाकिफ है। उन्होंने पिछली बार लोकसभा चुनाव में राजस्थान की राजनीति से केंद्र की राजनीति में कदम रखा और वे कोटा से सांसद चुने गए। उनके सितारे हमेशा बुलंद रहे वे युवाओं की पसन्द हैं। इस बार लगातार दूसरी बार कोटा-बूंदी सीट से सांसद चुने गए। 2014 में पहली बार लोकसभा चुनाव जीते। इससे पूर्व वे राजस्थान में तीन बार विधायक रह चुके हैं। बिड़ला अभी तक एक भी चुनाव नहीं हारे हैं। वे बीजेपी युवा मोर्चा में राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। बिड़ला के लोकसभा स्पीकर बनाने की घोषणा के बाद कई दिग्गज आश्चर्यचकित हैं वहीं भाजपाइयों व उनके समर्थकों में जोरदार खुशी का माहौल है।
*तिलक माथुर,
पत्रकार
9251022331*