अमेरिका: बुजुर्ग सिख पर लोहे की रॉड से हमला, एक गिरफ्तार

elderly-sikh-man-assaulted-outside-us-gurdwara-1-arrestedवाशिंगटन। अमेरिका में एक बुजुर्ग सिख पर घृणा अपराध के तहत हमला करने वाले आरोपी व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती इस बुजुर्ग को गत रविवार को लोहे की रॉड से उस समय बुरी तरह पीटा गया था, जब वह गुरुद्वारे से वापस आ रहा था।

फ्रेसनो शहर के पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि घृणा अपराध के इस संदिग्ध आरोपी की पहचान गिलबर्ट गारशिया के रूप में हुई है। इसके बारे में और अधिक जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है। फ्रेसनो शहर के पुलिस अधिकारी ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर कहा, ‘इस मामले को घृणा अपराध का संदिग्ध मामला माना जा रहा है।’ फ्रेसनो शहर कैलीफोर्निया के बीचोंबीच स्थित है। यहां बड़ी संख्या में सिख और पंजाबी लोग रहते हैं।

इस घटना के बाद से अमेरिका के सिख समुदाय के साथ-साथ हिंदू अमेरिकी और अरब अमेरिकी समुदायों में भी रोष है। ये लोग लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि इनके खिलाफ हुए हमलों से संबंधित मामलों को एफबीआई घृणा अपराध के रूप में दर्ज करे। सिख समुदाय के सदस्यों और स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, 82 वर्षीय सिंह को लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा गया। अभी भी बेहोश पड़े सिंह को 20 टांके आए हैं। उनकी हड्डियां और पसलियां भी टूट गई हैं। उत्तरी अमेरिकी पंजाबी एसोसिएशन ने कहा कि गुरुद्वारे में सिंह स्वयंसेवक के रूप में काम करते थे। संगठन ने घटना की निंदा की है।

error: Content is protected !!