बहन की मौत का बदला लेने के लिए डबल मर्डर

मुंबई।। बहन की मौत का बदला लेने की कसम को पूरा करते हुए एक शख्स ने अपने जीजा और उसकी मां को मौत के घाट उतार दिया। शशिकांत पाल्वे नाम के इस युवक की बहन ने पिछले साल सूइसाइड कर लिया था। बदले की आग में जल रहे शशिकांत ने बुधवार रात दहिसर में अपने जीजा ज्ञानेश्वर काकड और उसकी मां लक्ष्मीबाई का रेज़र ब्लेड से गला काटकर मर्डर कर दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक 25 साल की सुनीता ने पिछले साल 12 अगस्त को, रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले नाशिक के सिन्नर गांव में पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। सुनीता ने अपने भाई शशिकांत को बताया था कि उसका पति शराब पीकर उससे मारपीट करता है और सास लक्ष्मीबाई भी उसे परेशान करती है। ऐसे में सुनीता के मायके वालों का मानना था कि ससुराल में मिलने वाले टॉर्चर की वजह से ही सुनीता की मौत हुई है। अंतिम संस्कार से ठीक पहले शशिकांत ने अपनी बहन के मृत शरीर पर हाथ रखकर कसम खाई थी कि अगले साल इसी दिन वह उसकी मौत का बदला लेगा।

सुनीता की खुदकुशी के बाद शशिकांत की शिकायत पर पुलिस ने ज्ञानेश्वर और लक्ष्मीबाई दोनों को गिरफ्तार भी किया था, लेकिन 3 महीने बाद ही दोनों को कोर्ट से जमानत मिल गई। जमानत पर इन दोनों के इतनी जल्दी छूट जाने से शशिकांत बेहद नाराज था और उसने बदला लेने का पक्का इरादा बना लिया। मौका मिलते ही उसने अपनी जीजा और उसकी मां की हत्या कर दी।

 

error: Content is protected !!