गीतिका खुदकुशी केस : घंटों चले ड्रामे के बाद कांडा ने किया सरेंडर, गिरफ्तार

एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की खुदकुशी के मामले में आरोपी हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा ने 12 दिन तक फरार रहने के बाद शनिवार की सुबह 4 बजे अशोक विहार थाने में पहुंचकर सरेंडर कर दिया। रात भर कांडा के सरेंडर का ड्रामा चलता रहा और खबर आई कि कांडा रात को ही सरेंडर कर सकता है। वकील कहते रहे कि कांडा सरेंडर करने निकल चुका है, लेकिन वह पहुंच नहीं रहा था।

इस बीच, अशोक विहार थाने के सामने मीडिया और उसके समर्थकों की भीड़ बढ़ती रही। लुका-छिपी के बीच लगा कि कांडा सरेंडर करेगा या नहीं, लेकिन सुबह 4 बजे नाटकीय रूप से कांडा एक न्यूज चैनल की गाड़ी में थाने के सामने पहुंच गया।

उसने कहा कि वह जांच में मदद करना चाहता है, इसलिए सरेंडर कर रहा है। कांडा 12 दिनों से गायब था और पुलिस उसे तलाश करने के लिए हरियाणा और दिल्ली में कई जगह छापे मारे, लेकिन वह उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। रात में भी पुलिस ने बैरिकेटिंग की, उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में आए बिना सरेंडर करने पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सूत्र बता रहे हैं कि गोपाल कांडा शाम में ही सरेंडर करने के इरादे के साथ दिल्ली आ चुका था और शालीमार बाग इलाके के नजदीक एक ट्रक पार्किंग में छिपा हुआ था। दिल्ली पुलिस अपने ऊंचे-ऊंचे दावों के बावजूद भी शाम से दिल्ली में ही मौजूद कांडा को नहीं खोज पाई।

इस मामले में अब बंद हो चुकी कांडा की एमडीएलआर एयरलाइंस की वरिष्ठ अधिकारी अरुणा चड्ढा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह अब न्यायिक हिरासत में है। गीतिका ने 5 अगस्त को अशोक विहार स्थित अपने आवास पर खुदकुशी कर ली थी। गीतिका ने अपने सुसाइड नोट में कांडा और अरुणा चड्ढा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कांडा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। रोहिणी अदालत ने गुरुवार को कांडा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था और अदालत ने पुलिस को गिरफ्तारी वारंट की तामील के लिए 24 अगस्त तक का समय दिया था।

दिल्ली पुलिस ने कांडा की तलाश में हरियाणा, गोवा और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में 60 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की थी और लगभग 30 लोगों से पूछताछ की। कांडा के भाई गोविंद कांडा को भी कल पुलिस ने इस आरोप में गिरफ्तार कर लिया कि वह पुलिस को चकमा देने में अपने भाई की मदद कर रहा है। कांडा को अंतिम बार गुड़गांव स्थित उसके आवास पर 8 अगस्त को देखा गया था। उसे 7 अगस्त को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया गया था।

error: Content is protected !!