महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस होंगे

devendra fadnavisमुंबई। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लेकर फंसे पेच का आज हल निकल गया है, जिसके अनुसार महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष देवेन्द्र गंगाधरराव फड़नवीस महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री होंगे। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा की मौजूदगी में महाराष्ट्र के विधानभवन में हुई विधायक दल की बैठक में फडणवीस को नेता चुन लिया गया। फडणवीस अब राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। 19 साल की उम्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा से अपने राजनीतिक करियर का आगाज करने वाले देवेंद्र फड़नवीस महाराष्ट्र में बीजेपी का युवा चेहरा हैं। महाराष्ट्र में जीत का सेहरा भले ही नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और अमित शाह की रणनीति के सिर बांधा जा रहा है लेकिन देवेन्द्र फड़नवीस की मेहनत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लगातार चार बार नागपुर पश्चिम से विधायक रहे देवेन्द्र फड़नवीस नागपुर शहर के दो बार मेयर रह चुके हैं। 44 साल के देवेंद्र फडणवीस को राजनीति विरासत में मिली, उनके पिता जनसंघ से विधायक रह चुके हैं।
पिछली महाराष्ट्र विधानसभा में देवेन्द्र फड़नवीस ने विदर्भ में किसानों की आत्महत्या से लेकर प्रदेश की बिजली वितरण कंपनी के निजीकरण सहित कई मुद्दे जोरशोर से उठाए थे। देवेन्द्र फड़नवीस ने कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन सरकार के दौरान हुए घोटालों के खिलाफ भी जमकर आवाज उठाई थी। इनमें सिंचाई घोटाला और आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाला प्रमुख हैं।

जानकारों का मानना है कि उनका युवा होना सबसे बड़ी ताकत है एवं साफ-सुथरी छवि वाले नेता के नेतृत्व में प्रदेश में बीजेपी एक नई शुरुआत कर रही है। अब तक महाराष्ट्र की राजनीति पश्चिम महाराष्ट्र से तय होती थी अब महाराष्ट्र की सियासत में बदलाव के मद्देनजर देवेन्द्र फड़नवीस की भूमिका अहम है।

error: Content is protected !!