फो‌र्ब्स से बाहर हुए माल्या, ट्विटर पर निकाली भड़ास

नई दिल्ली। अमेरिकी पत्रिका फो‌र्ब्स की रईस व्यक्तियों की ताजा सूची से बाहर हुए किंगफिशर एयरलाइंस के मुखिया विजय माल्या ने ट्विटर पर ट्वीट कर जमकर अपनी भड़ास निकाली है। माल्या ने सूची से बाहर होने के बाद लिखा है कि वे काफी खुश हैं और भगवान के शुक्रगुजार हैं कि उन्हें सो कॉल्ड रईसों की सूची से बाहर कर दिया गया है। इससे उनके दुश्मन भी कम होंगे, क्रेज कम होगा, लोगों की ईष्र्या भी कम होगी।

गौरतलब है कि इन दिनों विजय माल्या की कंपनी जबरदस्त आर्थिक संकट से जूझ रही है। देश के शीर्ष सौ दौलतमंदों की फो‌र्ब्स सूची में विजय माल्या का स्थान घटकर 73वा हो गया है। वहीं, टॉप टेन से एयरटेल के मुखिया सुनील मित्तल की भी विदाई हो गई है। उधर, रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुखिया मुकेश अंबानी पांचवीं बार भी शीर्ष स्थान पर बने रहे।

फो‌र्ब्स के मुताबिक मुकेश की कुल संपत्ति में लगातार तीसरे साल गिरावट आई है। पिछले एक साल में उनकी संपत्ति 1.6 अरब डॉलर घटी है। हालाकि, अब भी उनकी संपत्ति सूची में दूसरे स्थान पर रहे लक्ष्मी मित्तल से 30 फीसद ज्यादा है। इस साल मित्तल की संपत्ति भी तीन अरब डॉलर घटकर 16 अरब डॉलर रह गई। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गज अजीम प्रेमजी 12.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

वहीं, टाटा समूह के प्रमुख शेयरधारक समूह शापूरजी पलोनजी समूह के मुखिया पलोनजी मिस्त्री 9.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर रहे। सन फार्मा के दिलीप साघवी को सूची में पाचवां, आदि गोदरेज को छठा, जिंदल समूह की सावित्री जिंदल को सातवा और शशि व रवि रुइया को आठवा स्थान हासिल हुआ है।

73वें स्थान पर रहे माल्या की संपत्ति इस साल 1.1 अरब डॉलर घटकर 80 करोड़ डॉलर रह गई। पिछले साल माल्या इस सूची में 49वें स्थान पर थे।

error: Content is protected !!