बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने वाले को देंगे समर्थन : नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के गांधी मैदान पर रैली को संबोधित करते हुए कहा है कि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद जदयू उसी दल को समर्थन को देगी जो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देगा।

कुमार का कहना है कि जब भी उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए मुलाकात का समय मांगा प्रधानमंत्री ने समय नहीं दिया।

नीतीश कुमार ने कहा कि अब तक जिन राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा दिया गया है वे बिहार से ज्यादा विकसित हैं। उनका तर्क है कि देश में उन राज्यों को विशेष राज्य का दर्जा पहले मिलना चाहिए जो पिछड़े हुए हैं। केंद्र की इस नीति की आलोचना करते हुए कुमार ने केंद्र की सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।

पटना में अधिकार रैली के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि बिहार अपना अधिकार लेकर रहेगा। उनका कहना है कि यह केंद्र की सरकार का कर्तव्य बनता है कि विकास के तमाम पैमानों पर राज्य को राष्ट्रीय औसत के करीब लाए। कुमार ने मांग की कि जितने भी राज्य विकास के पैमाने के राष्ट्रीय औसत से नीचे हैं उन्हें विशेष सहायता दी जानी चाहिए।

नीतीश ने कहा कि यदि केंद्र सरकार जल्द ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं देती तो वह मार्च में दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन करेंगे।

error: Content is protected !!