रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओडिशा में 3,000 करोड़ का निवेश करने की योजना

रिलायंस समूह चेयरमैन मुकेश डी.अंबानी ने की घोषणा
भुवनेश्वर, 12 नवंबर, 2018: रिलांयस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने ‘मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव’ के दौरान ओडिशा में 3,000 करोड़ रुपए के नए निवेश की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले ही राज्य में सबसे बड़े निवेशकों में से एक के तौर पर उभरा है और समूह पहले ही ओडिशा में 6,000 करोड़ रुपए का निवेश कर चुका है।
‘मेक इन ओडिशा कॉन्क्लेव-2018’ के दौरान श्री अंबानी ने कहा कि ‘हम ओडिशा में 3000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त निवेश करने के लिए समर्पित हैं। रिलायंस समूह का निवेश को लेकर स्पष्ट लक्ष्य है कि संपूर्ण विकास को सुनिश्चित किया जाए और हम उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।’’
अंबानी ने ‘मेक इन ओडिशा’ के दूसरे दिन के बिजनेस लीडरशिप सेशन को संबोधित करते हुए कहा कि ओडिशा में प्रति व्यक्ति डेटा कंजम्प्शन सबसे अधिक है। रिलायंस जियो गांव और शहरों को जोड़ने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘‘हमारा अधिकांश निवेश डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में है।’’
अंबानी ने कहा कि ‘‘रिलायंस जियो, सिर्फ हमारा एक और कारोबार ही नहीं है, बल्कि ये भारत और ओडिशा को बदलने का मिशन भी है।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘हमने बीते दो सालों में राज्य में करीब 30,000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के नए और निरंतर जारी अवसर प्रदान किए हैं।’’
अंबानी ने कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री का डिजिटल इंडिया दृष्टिकोण भारत को वैश्विक डिजिटल इकोनॉमी में अग्रणी बनाना है। आज, भारत, पूरे विश्व में सबसे तेजी से डिजिटाइजिंग इकोनॉमी है।’’
उन्होंने कहा कि जियो, भारत के डिजिटल बदलाव में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और इसने दो साल के अंदर ही अपना शानदार संचालन नेटवर्क स्थापित किया है।
राज्य के प्रमुख कारोबारी शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने, बीते रविवार को प्रमुख उद्योगपतियों से राज्य में निवेश के उपलब्ध अपार अवसरों का उपयोग करने का आहवान किया है और कहा कि हम पूर्व में प्रमुख निर्माण केन्द्र के तौर पर तेजी से उभर रहे हैं।

error: Content is protected !!