बच्चे ने टीचर की डांट के डर से खुद को लगाई आग, मौत

स्कूलों में बच्चों के साथ शिक्षकों द्वारा ज्यादती की वारदातें आम होती जा रही हैं। कर्नाटक के बीजापुर में 10 साल के एक स्कूली बच्चे ने होमवर्क पूरा न करने पर अपनी टीचर की डाट से डर से आग लगा ली।

कर्नाटक पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से झुलसे एक निजी स्कूल की चौथी कक्षा के छात्र को पिछले हफ्ते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को छात्रकी मौत हो गई। चौथी कक्षा के छात्र अजय जाधव के साथ उसकी अध्यापिका रोज दु‌र्व्यवहार करती थी। कुछ दिन पहले ही अध्यापिका ने अजय को काम पूरा नहीं करके लाने पर कड़ी चेतावनी दी थी। अपने साथ रोज हो रहे दु‌र्व्यवहार की शिकायत भी अजय ने की थी।

सूत्रों के अनुसार अध्यापिका उसकी रोज पिटाई करती थी। अजय जब अध्यापिका के व्यवहार से काफी परेशान हो गया तो उसने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। उसके दोस्तों और अध्यापकों ने किसी तरह आग बुझाई। उसके बावजूद वह पचास प्रतिशत तक जल गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। रविवार को उसकी मौत हो गई।

उधर, हिमाचल प्रदेश में भी हेडमास्टर की पिटाई से बच्चे के बुरी घायल होने का मामला सामने आया है। हालांकि नौंवी कक्षा के छात्र धन्नु के स्वास्थ्य में अब काफी हद तक सुधार है। उसे आज अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। पीठ में गंभीर चोटें आने की वजह से वह पिछले दस दिन से चलने फिरने में असमर्थ है। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में सर्जन न होने के कारण घन्नु को दो दिन पहले नागरिक अस्पताल सुंदरनगर को शिफ्ट किया था। यहा उसका सर्जिकल वार्ड में उपचार चल रहा है। राहत वाली बात यह है कि घन्नु की रीढ़ की हड्डी का सीटी स्कैन सामान्य है। वहीं, प्रधानाचार्य ने घन्नु के परिजनों को उसके उपचार के लिए अपनी तरफ से 50 हजार रुपये दिए हैं।

घन्नु की नाजुक हालत को देख उसे पीएचसी थुनाग से उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी को रेफर किया था। पीड़ित छात्र के पिता मंगलू राम की शिकायत पर पुलिस ने हेडमास्टर राम स्वरूप के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज किया था। दस दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने छात्र के परिजनों में भारी रोष है। इधर, घन्नु के पिता मंगलू राम ने हेडमास्टर राम स्वरूप द्वारा उपचार के लिए 50 हजार रुपये की राशि दिए जाने की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि सराज विधानसभा क्षेत्र में स्थितराजकीय उच्च विद्यालय भाटकीधार में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले घन्नु की 23 नवंबर को प्रार्थना सभा के दौरान खेल मैदान साफ न करने पर हेडमास्टर राम स्वरूप ने डंडे से पिटाई कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

error: Content is protected !!