अमेज़न प्राइम वीडियो ने आज बहुप्रतीक्षित और बिलकुल नई अमेज़न ओरिजिनल सीरीज ‘बंदिश बैंडिट्स’ का ट्रेलर रिलीज किया है, जो 4 अगस्त, 2020 से स्ट्रीम करने के लिये उपल्ब्ध होगी। अमृतपाल सिंह बिन्द्रा द्वारा निर्मित और रचित और आनंद तिवारी द्वारा निर्देशित यह नई अमेज़न ओरिजिनल सीरीज जोधपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें दो युवा संगीतकारों की कहानी बयां की गई है, जो एक-दूसरे से बिल्कुल विपरीत हैं। इस शो में रित्विक भौमिक और श्रेया चौधरी की मुख्य भूमिकाएं हैं। अन्य प्रमुख भूमिकाओं में नसीरूद्दीन शाह, शीबा चड्ढा, अतुल कुलकर्णी और कुणाल रॉय कपूर हैं। ‘बंदिश बैंडिट्स’ में एक रोमांचक ओरिजिनल गीत है, जिसे शंकर-एहसान-लॉय ने कम्पोज किया है, और यह तिकड़ी इस शो के साथ अपना डिजिटल डेब्यू भी कर रही है।
‘बंदिश बैंडिट्स’ में राधे और तमन्ना की कहानी दिखाई गई है। राधे एक विलक्षण गायक है, जो अपने दादा की तरह शास्त्रीय संगीत की राह पर चलना चाहता है। तमन्ना एक उभरती पॉप सेंसेशन है, जो भारत की पहली इंटरनेशनल पॉपस्टार बनने के लिए बेताब है। राधे को जब तमन्ना से प्यार होता है तो उसकी जिन्दगी में काफी उतार-चढ़ाव आते हैं। तमन्ना को सुपरस्टारडम हासिल करने में मदद करने की इच्छा और अपने संगीत एवं परिवार की विरासत पर खरा उतरने की जद्दोजहद के बीच क्या राधे इन दोनों कामों में सफल हो पाएगा या सब-कुछ खोने के जोखिम में उलझ जाएगा?
‘बंदिश बैंडिट्स’ के हाल ही में रिलीज हुए गीत के बारे में शंकर-एहसान-लॉय ने कहा, ‘‘बंदिश बैंडिट्स कई मायनों में हमारे लिये खास है। यह हमारा डिजिटल डेब्यू है और इसके गीत में हमने विपरीत संगीत शैलियों का प्रयोग किया है, जैसे राजस्थानी लोकसंगीत, भारतीय शास्त्रीय संगीत और पॉप और इन्हें मिलाकर कुछ अनोखा बनाया है। हमने बंदिश बैंडिट्स के लिये देशभर के कलाकारों के साथ काम किया है और हमें यकीन है कि इस गीत में सभी के लिये कुछ न कुछ है। यह सचमुच रोमांचक है और हम उम्मीद करते हैं कि दर्शकों को इसे सुनने में उतना ही मजा आएगा, जितना हमें इसे बनाने में आया है।’’