अमेज़न प्राइम वीडियो की इंटरनेशनल ओरिजिनल सीरीज ‘वर्ल्ड्स टफेस्ट रेस : इको-चैलेंज फिजी’ एक दस एपिसोड वाली एडवेंचर सीरीज है। इसकी मेजबानी कर रहे हैं बियर ग्रिल्स और कार्यकारी निर्माता हैं मार्क बर्नेट। इस शो में बेहतरीन एक्सपेडिशन रेस की कहानी बताई गई है, जिसमें 30 देशों की 66 टीमें बगैर रुके 11 दिनों तक 24 घंटे रेस करेंगी और फिजी के दुर्गम पहाड़ों, जंगलों, नदियों और सागरों की चुनौती से निपटते हुए सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। वर्ल्ड टफेस्ट रेस : इको-चैलेंज फिजी का प्रीमियर 14 अगस्त, 2020 को प्राइम वीडियो पर 200 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में होगा।
वर्षों से, बियर ग्रिल्स ने प्रकृति की चुनौतियों से अकेले निपटते हुए एक एडवेंचरर, घूमने-फिरने के शौकीन और रियल्टी शो के होस्ट के रूप में अपना कॅरियर बनाया है। उनका खुद का भी शो है, ‘रनिंग वाइल्ड विद बियर ग्रिल्स’, जहां वे सेलेब्रिटी लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करते हैं। लेकिन नई अमेज़न प्राइम वीडियो सीरीज ‘वर्ल्ड टफेस्ट रेस : इको-चैलेंज फिजी’ के मेजबान और कार्यकारी निर्माता के रूप में वह 30 विभिन्न देशों की 66 टीमों के लिए प्रेरणा और उम्मीद की किरण जैसे होंगे। रेस के समाप्ति बिंदु तक पहुंचने के क्रम में चार-चार लोगों की प्रत्येक टीम को विशालकाय पहाड़, जंगल, नदियां और समुद्र की चुनौतियों को पार करते हुए 11 दिनों में 671 किलोमीटर की स्पर्धा पूरी करनी होगी। और, इस दौरान उन्हें न सिर्फ प्रकृति की चुनौतियों को पार करना होगा, बल्कि अपने भीतर और बाहर की दुनिया में भी जीत हासिल करनी होगी।
46 वर्षीय ग्रिल्स कहते हैं, ‘यह बिल्कुल अलग तरह का खेल है। यहां विश्व के महानतम, चुनौतियों से न घबराने वाले और अति सहनशील एथलीट होंगे। लेकिन इनमें से किसी ने भी इस तरह का कुछ शायद अपनी जिंदगी में कभी नहीं किया होगा। आधिकारिक तौर पर, यह मानव इतिहास की सबसे लंबी और सबसे मुश्किल एडवेंचर रेस होने वाली है। ’
ग्रिल्स आगे कहते हैं, ‘भूल से भी इन जंगलों, इलाकों और दूरियों को कम न समझें। यहां फिजी में आप सोच सकते हैं कि यह एक शानदार प्रशांतीय द्वीप होगा। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। यह भयानक रूप से घातक है। भीषण गर्मी, आर्द्रता, उफनती नदियां और समुद्री इलाके भी इस रेस का बड़ा हिस्सा होने जा रहे हैं। यह बहुत, बहुत मुश्किल है। ’
हालांकि ग्रिल्स इस स्तर पर मानवीय शरीर की क्षमता और भाग्य दोनों को बेहद संजीदगी से लेते हैं। लेकिन फिर भी वह प्रतिभागियों से बातचीत करने और उन्हें हल्का महसूस कराने का मौका ढूंढ ही लेते हैं। ऑस्ट्रेलिया से लेकर अमेरिका तक के तमाम प्रतिभागी कई मजेदार घटनाएं साझा करते हैं, जहां ठीक रेस के बीच एकाएक ग्रिल्स प्रकट हो जाते हैं। इससे प्रतिभागियों को राहत मिलती है और उनमें फिर से जोश का संचार हो जाता है।
जुड़वां भारतीय प्रतिभागी नुंग्शी और ताशी मलिक कहती हैं कि इस शो की मेजबानी के लिए ग्रिल्स से बेहतर कोई हो ही नहीं सकता था। भारत की टीम खुकरी वारियर्स की इन दो जुड़वा सदस्यों की मुलाकात ग्रिल्स से कुछ साल पहले लंदन में हुई थी। जब उन्हें पता चला कि वर्ल्ड टफेस्ट रेस : इको- चैलेंज फिजी की मेजबानी ग्रिल्स कर रहे हैं, तभी वे समझ गई कि वे शो से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रेरणा बनेंगे। नुंग्शी मलिक ने कहा, ‘हम तभी इससे जुड़ गए थे। यह कुछ ऐसा है कि एडवेंचर पसंद करने वाले लोगों की भाषा एक जैसी होती है। उनका शो को होस्ट करना सोने पे सुहागे जैसा है।’ ताशी मलिक भी सहमति जताती हुई कहती हैं, ‘वह एक कमाल के एडवेंचरर हैं। जब मेजबानी बियर के हाथ में हो, तो कुछ गलत हो ही नहीं सकता। हम उनके आभारी हैं कि वे शो की बागडोर संभाल रहे हैं। इसके लिए एक बड़ी वजह ग्रिल्स की शख्सियत है। इसी कारण शो को चलाने वाले और कार्यकारी निर्माता लीसा हेन्नेसी चाहती थीं कि वही शो की मेजबानी करें।’
‘वर्ल्ड टफेस्ट रेस : इको-चैलेंज फिजी’, की जड़ों में दृढ़ता का विचार छिपा है। जीवन के अलग –अलग क्षेत्रों के विश्व के हर कोने से आने वाले लोग सबसे मुश्किल चुनौतियों का सामना करने के लिए जुड़ते हैं। स्पर्धा की चुनौतियां अपनी जगह हैं, और प्रतिभागियों का अंदरूनी संघर्ष अपनी जगह। स्पर्धा इन दोनों मोर्चों पर प्रतिभागियों का इम्तिहान लेने वाली है। दुनिया भर के दर्शक मानव की शारीरिक ताकत और मानसिक दृढ़ता की परीक्षा होते देखेंगे। लेकिन यह परीक्षा ऐसी होगी, जो आज तक किसी ने भी देखी न हो।
शो के संचालक और कार्यकारी निर्माता के बीच तालमेल की बात करें तो लीज़ा हेन्नेसी ने बर्नेट के साथ 1995 से लेकर 2002 तक संपन्न सभी आठ इको-चैलेंजेज़ स्पर्धाओं में काम किया है। बगैर किसी स्क्रिप्ट वाली स्पर्धाओं में यह कार्यक्रम अग्रणी माना जाता रहा है। अब, 25 वर्ष बाद वर्ल्ड टफेस्ट रेस : इको-चैलेंजेज फिजी एक बार फिर से बेहद व्यापक वैश्विक फॉर्मेट के साथ वापसी कर रहा है।
एमजीएम टेलीविजन द्वारा अमेजन स्टूडियोज के सहयोग से निर्मित यह सीरीज, मेज़बान और कार्यकारी निर्माता बियर ग्रिल्स (मैन वर्सेस वाइल्ड, रनिंग वाइल्ड), शो संचालक और कार्यकारी निर्माता लीज़ा हेन्नेसी (इको-चैलेंज, दि बिगेस्ट लूज़र) सहित टेलीविजन की एक पुरस्कार विजेता टीम के प्रयास शामिल हैं। इसमें कार्यकारी निर्माता मार्क बर्नेट (सर्वाइवर, द वॉयस), एरिक वान वेगेनन (सर्वाइवर, अमेजिंग रेस) शामिल हैं। एमजीएम स्टूडियोज के लिए बैरी पोज़निक और डेल्बर्ट शूपमैन, ग्रिल्स के सहयोगी निर्माता हैं।