कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय और इग्नू ने व्यावसायिक शिक्षा को उच्च शिक्षा से जोड़ने के लिए 33 एक्सटेंशन सेंटर्स का उद्घाटन किया

नई दिल्ली, फरवरी, 2022: कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव श्री राजेश अग्रवाल और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के कुलपति प्रोफेसर नागेश्वर राव ने स्किल इकोसिस्टम में व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से 33 एक्सटेंशन सेंटर्स का उद्घाटन किया।
राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) में इग्नू-एमएसडीई एक्सटेंशन सेंटर्स के उद्घाटन से देश के उन युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी जो कौशल और व्यापार आधारित कार्यक्रम कर रहे हैं। ये कार्यक्रम, जो 2,140 लॉजिस्टिक्स स्किल काउंसिल (एलएससी) के नेटवर्क के माध्यम से पेश किए जा रहे हैं, उनसे उन उम्मीदवारों के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है जो इग्नू में शामिल होकर अपने ज्ञान और कौशल को उन्नत करना चाहते हैं।
इग्नू के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए और सहयोग पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, एमएसडीई के सचिव, श्री राजेश अग्रवाल ने कहा, “भारत का युवा जनसांख्यिकीय लाभांश इसकी सबसे बड़ी संपत्ति है और देश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के साथ-साथ कौशल और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए सार्थक मार्ग प्रदान करने की तत्काल आवश्यकता है। मुझे विश्वास है कि यह पहल हमारे युवाओं को उच्च सामाजिक और आर्थिक गतिशीलता प्रदान करेगी। मंत्रालय और एनएसटीआई के सभी अधिकारियों से मेरी अपील है कि वे विभिन्न एनएसटीआई, आईटीआई, प्रधानमंत्री कौशल विकास केंद्रों और जन शिक्षण संस्थानों से कौशल और व्यापार आधारित ज्ञान प्राप्त करने वाले युवाओं को इग्नू के विभिन्न स्नातक कार्यक्रमों में नामांकन के लिए प्रोत्साहित करें। इससे उन्हें अपने कौशल को आगे बढ़ाने, आत्मनिर्भर भारत के स्तंभ बनने में बहुत मदद मिलेगी।
इस अवसर पर बोलते हुए इग्नू के कुलपति प्रोफेसर नागेश्वर राव ने कौशल प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और देश भर में 33 एनएसटीआई के माध्यम से पेश किए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। वर्तमान में, इग्नू 100 से अधिक स्नातक/स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और 150 से अधिक आवश्यकता-आधारित प्रमाणपत्र/डिप्लोमा कार्यक्रमों की पेशकश कर रहा है। एनएसटीआई इंदौर, नोएडा, कानपुर, मेघालय में तुरा, जम्मू, भुवनेश्वर और मुंबई में छात्रों को दिए जा रहे अवसरों के लिए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है। समझौते के अनुसार, कार्यक्रम की प्रगति की निगरानी और समीक्षा करने के लिए एमएसडीई और इग्नू दोनों के प्रतिनिधियों के साथ एक परियोजना संचालन समिति का गठन किया जाएगा।
प्रो. आर.पी. दास, प्रो-वाइस चांसलर, इग्नू और अन्य प्रोफेसरों ने अपने विचार व्यक्त किए कि एमएसडीई के सहयोग से डिज़ाइन किए गए पाठ्यक्रमों के माध्यम से अनेक छात्रों को बेहतर नौकरी के अवसर खोजने में मदद मिलेगी। इग्नू के क्षेत्रीय सेवा प्रभाग के निदेशक डॉ. श्रीकांत महापात्रा ने उद्घाटन सत्र को संचालित किया।

error: Content is protected !!