गुरू पूर्णिमा पर गुरुवंदन कार्यक्रम में किया धर्मगुरूओं का सम्मान

धर्मगुरूओं को भेंट किए श्रीफल एवं शॉल

अजमेर, 29 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को गुरूवंदन कार्यक्रम का आयोजन माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार विभिन्न स्थानों पर किया गया। इन कार्यक्रमों में धर्मगुरूओं, संत, महात्मा, पुजारियों का सम्मान करते हुए उन्हें माननीय मुख्यमंत्री की ओर से भेजा गया गुरू वन्दन संदेश, श्रीफल और शॉल भेंट किए गए।

गुरु वन्दन कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती वन्दना खोरवाल ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर्व के पावन अवसर पर गुरूवार को जिले के प्रतिष्ठित संतों-महंतों एवं गुरूओं के सम्मान स्वरूप गुरू वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम जिला एवं उपखण्ड स्तर पर आयोजित हुए। बुधवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से पूरे प्रदेश में गुरू वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के अलग-अलग उपखण्डों के दूरस्थ स्थानों पर स्थित प्रतिष्ठित संतों-महंतों एवं गुरूओं को एक साथ सम्मानित किया गया। गुरू वंदन कार्यक्रमानुसार चयनित संतों एवं गुरुओं को उनके आश्रमों तथा मंदिरों पर प्रशासन द्वारा जाकर सम्मानित किया गया। इसमें सम्मान स्वरूप भेंट राशि 2100 रूपए, श्रीफल, शॉल, मिठाई का टोकरा एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की तरफ से गुरू वंदन संदेश भेंट किए गए।

उन्होंने बताया कि इन धर्मगुरुओं को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का गुरुवन्दन सन्देश भेंट किया गया। इसके अनुसार यह पर्व गुरुजनों द्वारा दिए गए ज्ञान, संस्कार और जीवन-दर्शन के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। सनातन परंपरा में गुरु को साक्षात् ईश्वर का स्वरूप मानते हुए कहा गया है- गुरुब्र्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः, गुरुः साक्षात् परंब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः। हमारे ऋषियों और आचार्यों ने संपूर्ण मानवता को ज्ञान के प्रकाश से आलोकित किया है। आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्वगुरु के अपने प्राचीन गौरव को प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। राजस्थान भी इस सांस्कृतिक पुनर्जागरण में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर धर्म गुरुओं के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घ आयुष्य एवं निरतंर लोककल्याणकारी मार्गदर्शन की कामना की गई।

अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती वन्दना खोरवाल ने बताया कि गुरू पूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले गुरू वंदन कार्यक्रम में प्रेम प्रकाश आश्रम वैशाली नगर के स्वामी श्री ब्रह्मानन्द जी शास्त्री से विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री रामद्वारा पुरानी मण्डी के मेड़ता पीठाधीश्वर श्री श्री 108 मंहत स्वामी जी श्री रामकिशोर जी महाराज का सम्मान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भडाणा, शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने किया। श्री मसाणिया भैंरूजी राजगढ के सेन रत्न गुरू देव श्री चम्पालाल जी महाराज (मुख्य उपासक) का गुरु वन्दन विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी एवं नसीराबाद विधायक श्री रामस्वरूप लांबा ने किया।

उन्होंने बताया कि अखिल भारतवर्षीय निम्बार्काचार्य पीठ निम्बार्क तीर्थ सलेमाबाद किशनगढ़ के अनन्त श्री विभूषित जगतगुरु निम्बार्काचार्य पीठाधीश्वर श्री श्यामशरण देवाचार्य श्री श्रीजी महाराज का वंदन विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया। श्री अस्थल दादूद्वारा सुरसुरा किशनगढ़ के महन्त बक्षीराम दादूपंथी को प्रदेश ओबीसी मोर्चा मंत्री सुभाष चौधरी ने सम्मान प्रदान किया।

उन्होंने बताया कि आश्रम चुंगी चौकी पुष्कर के महन्त हनुमान उदासीन शांतानन्द, गीता आश्रम सवित्री तलहटी पुष्कर के महन्त श्री अभिराम जी, एवं रामरखा आश्रम पुष्कर के महामण्डलेश्वर श्री नन्दराम शरण जी का वंदन जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत, देहात जिलाध्यक्ष श्री जीतमल प्रजापत एवं मण्डल अध्यक्ष श्री भुवनेश पाठक ने किया। हनुमान गढ़ी पुष्कर के महन्त श्री बाल किशनदास जी से प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता गेना ने आर्शीवाद प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने ईश्वर मनोहर उदासीन आश्रम हिलटॉप कॉलोनी अजयनगर के श्री मंहत स्वरूपदास उदासीन जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। दरबार साहिब हालाणी डिग्गी चौक के सांई साधुराम जी महाराज का आर्शीवाद अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल एवं पूर्व विधायक श्री हरीश झामनानी ने प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार श्री केशव गोपाल गौशाला ग्राम सांपला सरवाड़ के श्री अवधेश दास जी महाराज एवं श्री गोपालबाड़ी आश्रम कादेड़ा केकड़ी के श्री गंगादास जी महाराज का सम्मान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किया। श्री बदरी नारायण मन्दिर नागफनी अजमेर के महन्त श्री भगवानदास जी का सम्मान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया। नृसिंह मन्दिर होलीदड़ा अजमेर के महन्त श्री श्याम शरण देवाचार्य जी महाराज का सम्मान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश भडाणा तथा शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने किया।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!