ठिठुरन जारी, देरी से चलीं ट्रेनें

क्रिसमस की अगली सुबह भी दिल्लीवासियों के लिए ठिठुरन लाई। बुधवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दफ्तर जाने वाले लोगों को इस बात से राहत मिली कि आसमान साफ था और कोहरा नहीं छाया हुआ था। बता दें कि मंगलवार को दिल्ली का इस मौसम का सबसे कम अधिकतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जोकि सामान्य से पांच डिग्री कम था। इसके मुकाबले बुधवार को पारा थोड़ा ऊपर चढ़ा लेकिन शीतलहर का प्रकोप कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे रहा और अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बृहस्पतिवार को दिन का अधिकतम व न्यूनतम तापमान 19 व 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह आंशिक रूप से कोहरा और दिनभर बादल छाए रहेंगे।

अन्य स्थानों पर छाए कोहरे का दिल्ली में असर

क्रिसमस की अगली सुबह बुधवार को दिल्ली को भले ही कोहरे की चादर से निजात मिली रही, मगर अन्य राज्यों में आने वाली ट्रेन वहां छाए घने कोहरे से काफी विलंब से दिल्ली पहुंचीं। नतीजतन उनकी वापसी काफी देरी से हुई। ट्रेनों की इस लेटलतीफी का असर यह हुआ कि स्टेशन पर यात्री घंटों तक खुले में सर्द रातें बिताने को मजबूर हुए।

बुधवार को दिल्ली से रवाना होने वाली 60 ट्रेनों के समय में परिवर्तन करना पड़ा तो वहीं अलग-अलग इलाके से दिल्ली आने वाली सौ के करीब ट्रेन कई घंटे की देरी से दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों पर पहुंची। दिल्ली की ओर आने वाली ट्रेनें 10-15 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं।

उधर, आइजीआइ एयरपोर्ट पर भी बुधवार सुबह कोहरे के चलते 60 विमानों की उड़ान में विलंब हुआ। जबकि आने-जाने वाली एक दर्जन फ्लाइट को रद करना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों पर प्रभाव नहीं पड़ा, मगर बाहर से आने वाली फ्लाइट निर्धारित समय से जिस तरह कई घंटे की देरी से आई उसे वापिस करने में अधिक समय लगा।

error: Content is protected !!