दिलेर छात्रा ने छेड़छाड़ पर कांस्टेबल को धुना

जम्मू के ब्राह्मणा में बृहस्पतिवार को एक पुलिस कांस्टेबल ने मिनी बस में एक छात्रा से छेड़छाड़ की। मार्शल आर्ट व बॉक्सिंग में माहिर बी.काम की छात्रा ने दिलेरी दिखाते हुए अकेले ही कांस्टेबल को धुन डाला और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने जम्मू-पठानकोट हाई-वे जाम कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस विभाग ने आरोपी को निलंबित कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

सांबा जिले की एक छात्रा जम्मू से मिनी बस में सवार होकर घर जा रही थी। उसी बस में कोट भलवाल जेल में तैनात राज्य पुलिस का एक कांस्टेबल हरजिंद्र सिंह निवासी कीर पिंड, आरएसपुरा भी बैठा था। कांस्टेबल ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर छात्रा ने उसकी बस में ही धुनाई शुरू कर दी। छात्रा की हाथों पिटने के बाद कांस्टेबल बड़ी ब्राह्मणा में उतरकर भागने लगा। इस पर छात्रा भी बस से उतर गई और कांस्टेबल को पकड़कर बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। हंगामे को देख स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और विरोध में जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही जम्मू में एक मिनी बस में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। हालांकि, इस मामले के कई आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार भी कर चुकी है। ज्ञात हो कि दिल्ली में गैंगरेप की घटना के सामने आने के बाद महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी हैं।

error: Content is protected !!