ठंड से ठिठुरा उत्तर भारत

दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी। दिल्ली वाले नए साल का स्वागत इस बार साफ मौसम में करेंगे।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली व आसपास के इलाके में आंशिक रूप से कोहरा छाने के साथ सर्द हवाएं चल रही हैं। दिल्ली में सोमवार साल का सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह साढ़े पांच बजे तापमान 5.5 डिग्री आंका गया। ठंड इस कदर कहर बरपा रही है कि यूपी में 69 लोगों की मौत हो चुकी है।

हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक शाम व रात में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान 19 और सात डिग्री के करीब रहने की संभावना है। मंगलवार को भी दिल्ली व आसपास के इलाके में मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है। रविवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान 21.4 व 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को नए साल का स्वागत करने के लिए बाहर निकलने वालों को मौसम से संबंधित कोई परेशानी नहीं होगी। मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का असर अगले सप्ताह दिल्ली पर भी पड़ सकता है।

पहाड़ी इलाके में हुई बर्फबारी का असर भी अगले दो से तीन दिन बाद दिल्ली में अधिक लोग महसूस करेंगे।

आज भी देरी से चलेंगी ट्रेने

उत्तर भारत में छाए घने कोहरे से रेल यातायात बुरी तरह से चरमरा गया है। ट्रेनें छह घंटे से लेकर 21 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। रविवार को 19 ट्रेनें घंटों देरी से पहुंची। 17 ट्रेनें घंटों देरी से दिल्ली से रवाना हुई। 10 ट्रेनों का परिचालन रद करना पड़ा। ऐसे ही हालात सोमवार को भी रहने की पूरी संभावना है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने पूछताछ संख्या-139 के अलावा 011-23747110 जारी किया है। इससे ट्रेनों की स्थिति की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही 9717631813 पर भी ट्रेन का पांच अंकों वाला नंबर एसएमएस कर दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों की जानकारी ली जा सकती है। सचखंड एक्सप्रेस, मगध, ऊंचाहार, सीमांचल और राजधानी, दुरंतो व शताब्दी ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।

error: Content is protected !!