सबसे ठंडे दिन से हुई नए साल की शुरुआत

दिल्ली में नए साल की शुरुआत बेहद सर्द रात के साथ हुई। सोमवार की रात दिल्ली में अब तक की सबसे सर्द रात थी। यहां रात का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं नए साल की सुबह लोगों को घने कोहरे का भी सामना करना पड़ा। सुबह का तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हीं कहीं पर विजीबिलिटी बीस मीटर तक ही रही। इसका असर साफतौर पर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी देखा गया। जहां सुबह चलने वाली कई ट्रेन लेट हुई और कुछ रद कर दी गर्ई वहीं हवाई सेवा भी बाधित हुई।

उत्तर भारत के पर्वतीय इलाकों में सोमवार को लोगों को बारिश व बर्फबारी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन मैदानी भाग ठंड से सिहर उठे। गलन से लोगों का बुरा हाल रहा। सुबह व शाम कोहरे की मार भी झेलनी पड़ी। देश के पूर्वी भाग में भी कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ।

राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते स्थानीय इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 40 विमानों की उड़ान में देरी हुई। करीब 16 उड़ानें भी रद हुई। दिल्ली से होकर गुजरने वाली करीब 51 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ, जिसमें से 13 को रद करना पड़ा। कई ट्रेनें बीस घंटे तक की देरी से चलीं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने के बावजूद लोगों को गलन से जूझना पड़ा। रात का स्थिति और खराब हो गई।

ठंड व कोहरे से पंजाब और हरियाणा में आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। वर्ष का अंतिम दिन हरियाणा में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। राज्य में सबसे कम तापमान नारनौल में 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट आने से दिन भर गलन रही। राज्य में ठंड से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई। उत्तर प्रदेश में ठंड व कोहरे से जिंदगी ठहर सी गई। कानपुर में ठंड से दो लोगों की मौत हो गई। राज्य में कई स्थानों पर पारा पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे तक लुढ़का। यातायात की चरमराई व्यवस्था के चलते लोगों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ी। राज्य से गुजरने वाली 11 ट्रेनों को आगामी सूचना तक निरस्त कर दिया गया है।

बिहार, झारखंड व बंगाल के अधिकांश हिस्से सुबह घने कोहरे की चपेट में रहे। पारा में भी काफी गिरावट दर्ज की गई, जिससे ग्रामीण इलाकों में लोगों को काफी दुश्वारियां झेलनी पड़ी। पर्वतीय राज्य जम्मू-कश्मीर में लगातार चार दिनों तक मौसम की बेरुखी के कारण उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के बेहाल जनजीवन को सोमवार को थोड़ी राहत मिली। बर्फबारी व बारिश का सिलसिला थम गया। चार दिनों बाद सूरज बादलों की ओट से बाहर निकला और ठंड से ठिठुर रहे लोगों को राहत पहुंचाई।

गत दिनों भारी बर्फबारी के कारण एक दूसरे से कटे पड़े इलाकों के संपर्क को जोड़ने के लिए बर्फ हटाने का काम दिन भर जोरों पर चला। राज्य में सबसे कम तापमान कारगिल में शून्य से 11 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वादी में भारी हिमपात व बारिश के बाद बेशक मौसम में सुधार हो गया, लेकिन उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन के खतरा बना हुआ है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश में लोगों को ठंड व कोहरे से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। दिनभर धूप खिले रहने के बावजूद सुबह-शाम तापमान में गिरावट आ रही है और लोग ठंड से कंपकंपा रहे हैं। चार जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य में बारिश व बर्फबारी की संभावना है।

सोमवार को प्रदेश के केलंग में सबसे कम तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। उत्तराखंड के हरिद्वार, उधमसिंहनगर, हल्द्वानी व कोटद्वार में दिनभर कोहरा छाया रहा जिससे जनजीवन पर असर पड़ा। ठंड से भी लोग बेहाल रहे। राज्य के पहाड़ी जिलों में खिली धूप से लोगों को खासी राहत मिली। गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के सभी जिलों में मौसम सुहावना रहा।

error: Content is protected !!