नयी दिल्ली, अक्टूबर, 2022: डिजिटल परिवर्तन, परामर्श और बिज़नेस रिइंजीनियरिंग सेवाएं एवं समाधान उपलब्ध कराने वाली अग्रणी कंपनी टेक महिन्द्रा ने आज अपनी ग्रीन ट्यूसडे पहल की घोषणा की जिसे भारत में टेक महिन्द्रा के सभी परिसरों में लागू किया जाएगा। इस पहल के तहत टेक महिन्द्रा खाद्य से जुड़े कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए अपने कार्यालयों में परोसे जाने वाले मांसाहार में 20 प्रतिशत तक कटौती करेगी।
मांस और डेयरी उत्पादन में 83 प्रतिशत खेती की भूमि का उपयोग किया जाता है और यह कृषि के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में 60 प्रतिशत योगदान करता है। ग्रीन ट्यूसडे के जरिये टेक महिन्द्रा का लक्ष्य खाद्य से जुड़े उत्सर्जन में कमी लाना है।
टेक महिन्द्रा के ग्लोबल चीफ पीपुल ऑफिसर एवं मार्केटिंग प्रमुख हर्षवेन्द्र सोइन ने कहा, “टेक महिन्द्रा में हम लाभ से परे उद्देश्य के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम जलवायु परिवर्तन से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए और हरित डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने के लिहाज से अग्रिम पंक्ति में रहे हैं। हमारी ग्रीन ट्यूसडे पहल, कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने और सहयोगियों को एक टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में और एक कदम है।”
यह संगठन ऊर्जा की बचत करने, डिजिटल माध्यम अपनाने एवं परिचालन को स्वचालित करने और सामूहिक कार्य वातावरण का निर्माण करने में मदद के लिए साझीदारों एवं ग्राहकों के साथ गहराई से जुड़कर काम कर रहा है जिससे टिकाऊ व्यवस्था की जरूरत पूरी की जा सके। इसमें सर्विस के तौर पर माइक्रो ग्रिड, स्मार्ट सिटी साॅल्यूशंस, स्मार्ट ग्रिड, स्मार्ट डेटा हब, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट बिन, स्मार्ट एनर्जी मैनेजमेंट और स्मार्ट मीटरिंग एवं एनालिटिक्स जैसे समाधान शामिल हैं।
टेक महिन्द्रा ऐसी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है जिनका समुदायों पर दीर्घकालीन असर हो और टिकाऊपन एवं संपूर्ण कारोबारी लाभ के बीच एक संतुलन बने। NXT.NOWTM रूपरेखा के तहत जिसका लक्ष्य मानव केंद्रित अनुभव बढ़ाना है, टेक महिन्द्रा ऐसी उभरती प्रौद्योगिकियों एवं समाधानों में निवेश करती है जिनसे डिजिटल परिवर्तन सुगम बने और उपभोक्ता की उभरती जरूरतें पूरी हों।